सोशल मीडिया पोस्ट से विवाद, पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा:ASP सूर्यकांत शर्मा माइक से बोले- आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले जिलाबदर होंगे, फिजा बिगाड़ने वालों के घर तोड़ेंगे

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

सोशल मीडिया पर की गई जातिगत और आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गुरुवार को खातेगांव में जमकर विवाद हुआ। मामला मारपीट तक जा पहुंचा। इसके बाद दोनों पक्षों को वरिष्ठों द्वारा दी गई समझाइश से मामला शांत होता, इसी बीच एक दुकान पर कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आई एक कॉलेज छात्रा के साथ भी मारपीट हुई। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग थाने और आसपास जमा हो गए। माहौल खराब होता देख कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी।एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के चलते दो युवकों में विवाद हुआ था। इसके बाद युवकों के परिजन और वरिष्ठों की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन गुरुवार दोपहर में दोबारा से हाथापाई की घटना हुई। इसमें कुछ लोगों को चोट आई, जिसके बाद माहौल खराब हुआ। बढ़ते तनाव के चलते कन्नौद, नेमावर, खातेगांव थाने की पुलिस फोर्स ने भीड़ को हटाकर विवाद शांत करवाया, बंद दुकानों को फिर से चालू करवाया और फिर स्थिति सामान्य हुई। रात में पुलिस ने नगर में शांति मार्च निकालकर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। पत्रकारों से चर्चा में एएसपी शर्मा ने कहा कि नगर की शांति भंग करने वालों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और कमेंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। जो लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाह फैलाकर नगर की फिजा खराब करते हैं, उनके खिलाफ हम जिलाबदर की कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। जरूरत पड़ी तो उनके घरों को भी तोड़ने में पीछे नहीं हटेंगे।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर की गई है। टीआई विक्रांत झांझोट ने बताया कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी वायरल हुए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है। इसी मामले में गुरुवार को तीन बत्ती चौराहा, सांवरिया लॉज और सावरकर मार्ग पर अलग-अलग विवाद हुआ।

Exit mobile version