Delhi To London Bus: अब 70 दिन में बस से करिए 18 देशों की सैर, जानें कितना होगा किराया?

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

क्या आप कभी बस से विदेश घूमना चाहेंगे? अगर हां तो बहुत जल्द आपका ये सपना पूरा हो सकता है. दरअसल, भारत-म्यांमार बॉर्डर पर आवाजाही सामान्य होने के साथ दिल्ली से लंदन के लिए बस (Delhi To London Bus Service)सर्विस शुरू की जा सकती है. इसी साल सितंबर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त लग्जरी बसें दिल्ली से लंदन के लिए रवाना हो जाएंगी.

रास्ता तय हो जाने के बाद एडवेंचर्स ओवरलैंड की ओर से ‘बस टू लंदन’ की पहल के तहत इस बस मे यात्रा करने के इच्छुक लोग 70 दिनों में करीब 20 हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 18 देशों का सफर कर सकते हैं. इसके लिए आपको 20 हजार डॉलर यानी करीब 15 लाख का पैकेज लेना होगा. इस पैकेज में टिकट, वीजा और अलग-अलग देशों में ठहरने की सुविधा सरीखी सभी सेवाएं शामिल हैं.

इसके साथ ही 46 साल बाद यह दूसरा मौका होगा, जब लोगों को दिल्ली से लंदन के लिए बस सेवा का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा. दरअसल, एक ब्रिटिश कंपनी ने 1957 में वाया दिल्ली लंदन-कोलकाता के बीच बस सेवा की शुरुआत की थी. बस चल रही थी, लेकिन कुछ वर्ष बाद बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. फिर एक ब्रिटिश यात्री ने डबल डेकर बस बनाकर, दोबारा सिडनी-भारत-लंदन के बीच बस सेवा शुरू की. ये 1976 तक चलती रही. उस वक्त ईरान के अंदरूनी हालात और भारत-पाकिस्तान के बीच के तनाव की स्थिति को देखते हुए बस सेवा को बंद कर दिया गया था.

अब बदल दिया गया रूट
अब फिर से एक बार फिर भारत की एक निजी कंपनी ने इस दिशा में काम शुरू किया है. बस सेवा के लिए तमाम कारणों में जिस वजह से पुरानी बस सेवा बंद हुई थी, उससे बचने के लिए बस का पुराना रूट बदल दिया गया है. पाकिस्तान व अफगानिस्तान की जगह अब इसे म्यांमार, थाईलैंड, चीन, किर्गिस्तान होने हुए फ्रांस तक ले जाया जाएगा. इसके साथ ही इंग्लिश चैनल पार करने के लिए क्रूज का भी सहारा लिया जाएगा.

- Advertisement -
Exit mobile version