जापान के 83 साल के केनिची होरी शनिवार को एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वे ऐसे पहले बुजुर्ग बन गए हैं जिन्होंने प्रशांत महासागर में अकेले और बिना रुके अपनी याट से नौकायन का रिकॉर्ड कायम किया। होरी 27 मार्च को सैन फ्रांसिस्को, कैलिफोर्निया से अपनी 990 किग्रा और 19 फुट लंबी सेलबोट- सनटोरी मरमेड थ्री से निकले थे।
केनिची बोले- सफर आसान नहीं था
शनिवार, यानी 4 जून को केनिची प्रशांत महासागर के पार नॉन-स्टॉप नौकायन कर शिकोकू द्वीप से वाकायामा पहुंचें, फिर यहां से वो टोक्यो पहुंचेंगे। केनिची ने 70 दिन में 4 हजार किमी दूरी तय की है।उन्होंने कहा कि यह सफर आसान नहीं था। घरवाले काफी परेशान रहते थे, इसलिए मैं हर रोज अपने परिवार से सैटेलाइट फोन से बात करता था, जिससे वो मेरी चिंता न करें।
केनिची बताते हैं, ‘अगर मैं दिन में एक बार परिवार को फोन नहीं करता था तो वे परेशान हो जाते थे। इस सफर में परिवार से होने वाली बातचीत ही मेरी ताकत बनी और मैं अपनी इस यात्रा को अंजाम दे पाया।’
केनिची नाव पर एक मोबाइल ऐप और उपग्रह आधारित प्रसारण का उपयोग कर रहे हैं, जिससे उनकी वेबसाइट को लोग वास्तविक समय में देख सकें।
