पंजाब में हिंदू दक्षिणपंथी नेता सुधीर सूरी की शुक्रवार दोपहर अमृतसर की सड़क गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। उनकी हत्या ऐसे समय में हुई जब उनके आसपास एक दर्जन से अधिक पुलिस वाले मौजूद थे। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस शिवसेना (टकसाली) नेता सुधीर सूरी की हत्या की साजिश का पर्दाफाश करेगी।
हालांकि इस बीच हिंदू शिवसेना (टकसाली) नेता की दिनदहाड़े हत्या से आक्रोशित हिंदू संगठनों ने शनिवार को पंजाब बंद का आह्वान किया है। इसके अलावा, सुधीर सूरी के बेटे ने अपने पिता को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर उनके पिता को शहीद का दर्जा नहीं दिया गया तो वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
गोली चलाने वाले अमृतसर के दुकानदार को पकड़ा, हथियार भी बरामद
घटना के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने चंडीगढ़ में पंजाब पुलिस हैडक्वार्टर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस ने सूरी की हत्या करने वाले अमृतसर के कोट बाबा दीप सिंह के निवासी संदीप सिंह सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी गोपाल मंदिर के नजदीक ही कपड़ों की दुकान चलाता है। उसके कब्जे से वारदात को अंजाम देने वाला हथियार, 32 बोर का पिस्तौल भी बरामद किया गया है। इस संबंध में थाना सदर अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है और पंजाब पुलिस जल्द ही मामले की तह तक पहुंच जाएगी।
हमलावर की कार से पुलिस को आपत्तिजनक चीजें मिली
हमलावर की कार से पुलिस को आपत्तिजनक चीजें मिली है। इनमें कुछ पंपलेट और तस्वीरें हैं। कार के अंदर टीवी कलाकार भारती सिंह, मनीषा गुलाटी, मनजिंदर सिंह बिट्टा, राम रहीम व कुछ बंदी सिंहों की तस्वीरें भी मिली हैं। कुद तस्वीरों पर क्रॉस का निशान लगा है जबकि मनीषा गुलाटी की तस्वीर पर गोल निशान लगा है। गाड़ी पर वारिस पंजाब दे स्टिकर लगा है।
शिवसेना नेता की हत्या : पंजाब के डीजीपी ने शांति बनाए रखने की अपील की
डीजीपी गौरव यादव ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस शिवसेना (टकसाली) नेता सुधीर सूरी की हत्या की साजिश का पर्दाफाश करेगी। मीडिया को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि पंजाब का ‘‘ सांप्रादयिक सौहार्द्र में शानदार रिकॉर्ड रहा है । उन्होंने लोगों से अपील की कि ‘‘मुश्किल से आई शांति’’ को कायम रखें।
आनन-फानन में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में यादव ने कहा, ‘‘हम स्थिति को बिगड़ने नहीं देंगे। हम इस हत्या की साजिश का पर्दाफाश करेंगे और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।’’ डीजीपी ने बताया कि मामले में गिरफ्तार किए गए संदीप सिंह की कपड़े की दुकान है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने जांच की विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा कि प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि सिंह ने कभी सूरी से मुलाकात नहीं की थी। उन्होंने कहा कि सिंह ने अपनी .32 बोर की लाइसेंसयुक्त रिवॉल्वर से पांच गोलियां चलाईं जिनमें से कुछ सिंह को लगीं।
