केंद्र सरकार ने वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन और राज्य स्तरीय टीबी उन्मूलन की टीम इंदौर पहुंची। टीम के सदस्यों ने इंदौर कलेक्टर के साथ बैठक की जिसमें जिले को टीबी मुक्त बनाने की कार्य योजना पर चर्चा की गई, इस अवसर पर मल्हारगंज क्लीनिक में बने टीबी सेंटर को देश का पहला आईएसओ सर्टिफिकेट भी प्रदान किया गया।
टीबी को जड़ से मिटाने के लिए पूरे देश में अभियान चलाया जा रहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 तक देश से टीबी को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य दिया है इसी के तहत केंद्रीय टीबी उन्मूलन की टीम प्रत्येक राज्य के जिलों में पहुंचकर कार्य योजना पर काम कर रही है। राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन व राज्य स्तरीय टीबी उन्मूलन की टीम इंदौर पहुंची। टीम के सदस्यों ने कलेक्टर मनीष सिंह के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में इंदौर जिले को टीवी मुक्त बनाने की कार्य योजना पर चर्चा की गई कलेक्टर मनीष सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों से इसकी शुरुआत करने के निर्देश दिए हैं उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव में टीबी का एक भी मरीज नहीं मिलता है तो उस गांव को टी बी मुक्त घोषित किया जाएगा।
केंद्रीय टीम के साथ आये डिप्टी डायरेक्टर जनरल टी बी उन्मूलन के आर पी जोशी के अनुसार सभी के सहयोग से देश से टी बी को जड़ से खत्म किया जा सकता है,इसकी शुरुआत इंदौर से हो तो बेहतर होगा।
इंदौर ने टीबी उन्मूलन की दिशा में कदम बढ़ा भी दिए है, जिला टीबी सेंटर मल्हारगंज को देश का पहला आईएसओ प्रमाण पत्र मिला है।
