झारखंड – दुमका के अंकिता हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई हुई है. इस मामले में झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने संज्ञान लिया है. झारखंड के राज्यपाल ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए DGP नीरज सिन्हा और झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह को तलब किया है.
मालूम हो कि दुमका की लड़की अंकिता को शाहरूख नाम के युवक ने जिंदा जला दिया था. अंकिता की मौत पांच दिन बाद रांची के अस्पताल में इलाज के दौरान हुई थी. इस घटना के बाद से झारखंड की राजनीति उबाल पर है. इस बीच केस के दूसरे आरोपी और शाहरूख के दोस्त को भी दुमका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
दुमका में हुई इस घटना के बाद पूरे शहर में 144 लागू है और पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है. सोमवार को अंकिता का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान दुमका की दुकानें स्वत: बंद रहीं. दुमका में सुरक्षा के लिहाज से भारी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया है तो साथ ही धारा 144 भी लगा दी गई है जिस कारण सड़को पर 5 या 5 से ज्यादा लोगो के एक साथ इक्कठा होने पर पाबंदी है.
मामले में दुमका एसपी का कहना है सुरक्षा के लिहाज से हर माकूल व्यवस्था की गई है ताकि शहर की अमन चैन में किसी तरह का खलल न पड़े. एसपी दुमका अंबर लकड़ा ने बताया कि पूरे मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट के लिए भेजा जा रहा है ताकि मामले में पीड़ित को जल्द इंसाफ मिल सके.
