इंदौर -दिनांक 03 अप्रेल 2022 – पुलिस की कार्यप्रणाली में और कसावट लाने एवं उसे और बेहतर करने के उद्देश्य से समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुलिस इकाईयों का वार्षिक निरीक्षण किया जाता है, इसी के तहत आज दिनांक 03.042022 को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) श्री राजेश हिंगणकर द्वारा इंदौर यातायत प्रबंधन पुलिस की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वार्षिक निरीक्षण हेतु
यातायात थाने का वार्षिक निरीक्षण किया गया। वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त, यातायात प्रबंधन, महानगर इंदौर श्री महेश चंद जैन एवं यातायात प्रबंधन के समस्त राजपत्रित अधिकारी गण उपस्थित रहे। वार्षिक निरीक्षण के दौरान यातायात थाने के विगत निरीक्षण वर्ष के कार्यों की समीक्षा की गई।
समीक्षा उपरांत यातायात प्रबंधन के अधिकारी/कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों से रूबरू होने के लिए पुलिस सम्मेलन आयोजित किया गया। उक्त सम्मेलन में खुलकर पुलिस कर्मियों ने अपनी समस्याओं को वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रखा, जिसमें कई अधि/कर्मचारियों द्वारा आवास समस्या, GPF कटोत्रा, एवं दैनिक ड्यूटी के दौरान होने वाली समस्याओं के संबंध में अवगत कराया गया, इन समस्याओं का निराकरण दो दिवस में करने हेतु अतिरिक्त पुलिस आयुक्त द्वारा आश्वासन दिया गया।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन केंद्र कैमरे द्वारा रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन सिस्टम, ई-चालान तामीली सिस्टम, सीसीटीएनएस सहित यातायात थाना की अन्य शाखाओं की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री राजेश हिंगणकर द्वारा यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा विगत 3 माह में किए गए कार्यों के संबंध में संतुष्टि जाहिर करते हुए, सभी अधिकारी/कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया और इसी उत्साह के साथ शहर के यातायात को सुगम, सुरक्षित, सुखद बनाने में आगे भी सतत कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस मौके पर श्री अनिल कुमार पाटीदार (अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त), श्री संतोष कुमार उपाध्याय (सहायक पुलिस आयुक्त जोन-3), श्री अजीत सिंह चौहान (सहायक पुलिस आयुक्त जोन-1), श्री बसंत कुमार कौल (सहायक पुलिस आयुक्त जोन-2), श्री हरि सिंह रघुवंशी (सहायक पुलिस आयुक्त जोन-4) व यातायात प्रबंधन पुलिस के समस्त अधि/कर्मचारी मौजूद रहे।
कृपया जिम्मेदार नागरिक बनें, यातायात के नियमों का पालन कर, सावधानी पूर्वक वाहन चलाएं, स्वयं सुरक्षित रहें व दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
