खण्डवा – पर्यटन, संस्कृति एवं आध्यात्म विभाग मंत्री तथा खण्डवा जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने रविवार को खण्डवा जिला मुख्यालय स्थित श्रीमती सावित्री बाई झंवर सेवा न्यास द्वारा संचालित सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण संचालनालय मध्यप्रदेश द्वारा मान्यता प्राप्त केशव सेवा धाम आश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम द्वारा संचालित गौशाला का भी निरीक्षण किया। उपस्थित बच्चों को स्वाध्याय के संबंध में बताया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट के संबंध में चर्चा की। आश्रम में बच्चों को बताया कि अग्निहोत्र से घर पूरे 12 घंटे सेनेटाइज रहता है। उन्होंने बताया कि गाय के गोबर का कंडा जलाकर दोनो टाइम भीमसैनी, कपूर, शुद्ध घी तथा अक्षत से आहूती देकर जलाया जाता है। मंत्री सुश्री ठाकुर द्वारा बच्चों से चर्चा कर उनके रूम का निरीक्षण किया तथा अंकुरित अभियान के तहत आम का पौधा लगाया। कार्यक्रम के पूर्व में भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर द्वीप प्रज्जवलित किया। कार्यक्रम में खण्डवा विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, कलेक्टर श्री अनूप कुमार सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अपर कलेक्टर श्री एस.एल. सिंघाडे, श्री सेवादास पटेल सहित विभिन्न अधिकारीगण मौजूद थे।
