
Cyrus Mistry Death in Road Accident: टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन और उद्योगपति साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है. एक सड़क हादसे के चलते उनका निधन हुआ है. मुंबई के पास पालघर में यह सड़क हादसा हुआ है. दुर्घटना के बाद मिस्त्री को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री की रविवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जब उनकी कार महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई.
उन्होंने बताया कि हादसा दोपहर करीब 3.15 बजे हुआ जब मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे. घटना सूर्या नदी पर बने पुल की है. कार चालक समेत उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य दो लोग घायल हो गए. सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बाला साहेब पाटिल (डीसीपी, ठाणे) ने बताया कि यह एक सामान्य सड़क हादसा ही नजर आ रहा है. उनकी कार डिवाइडर से टकराई थी. हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के भी परखच्चे उड़ गए. मिस्त्री के साथ कार में मौजूद एक और व्यक्ति की मौत हुई है.
मोदी बोले- सुनकर स्तब्ध हूं
पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, “साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है. वह एक होनहार बिजनेस लीडर थे जो भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे. उनका निधन कॉमर्स और इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है. उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं. उनकी आत्मा को शांति मिले.
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह टाटा संस के पूर्व प्रमुख साइरस मिस्त्री के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हैं. उन्होंने कहा, “साइरस मिस्त्री न केवल एक सफल उद्यमी थे बल्कि उन्हें उद्योग जगत में एक युवा, उज्ज्वल और भविष्यवादी व्यक्तित्व के रूप में देखा जाता था. एक कुशल उद्यमी का निधन हो गया है. यह न केवल राजमिस्त्री के परिवार के लिए बल्कि देश के औद्योगिक जगत के लिए भी एक बड़ी क्षति है. उनको मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि.
