गर्मी का बढ़ता प्रकोप बच्चों के लिए लू का खतरा लेकर आया है, शहर के कई अस्पतालों में गर्मी के कारण लू से पीड़ित बच्चे उपचार के लिए पहुंच रहे है। डॉक्टरों के अनुसार मस्तिष्क ज्वर,पीलिया और टाइफाइड से ग्रसित बच्चे भी इस समय बड़ी संख्या में सामने आ रहे है।
गर्मी का मौसम आते ही दूषित पानी व खाने से होने वाली बीमारियों का प्रकोप बढ़ जाता है, इस समय सूर्य देवता अपने शबाब पर है, जिसके चलते तापमान 40 डिग्री से अधिक बना हुआ है। ऐसे मौसम में सबसे अधिक खतरा बच्चों को होता है, तेज गर्मी से उन्हें लू लगने का खतरा बना रहता है। पिछले कुछ दिनों से सरकारी अस्पतालों के साथ ही निजी क्लीनिक पर भी गर्म हवाओं के थपेड़ों से बीमार होने वाले बच्चों की संख्या बढ़ने लगी है। चाचा नेहरू अस्पताल के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ निर्भय मेहता के अनुसार दूषित पानी और भोजन के साथ तेज गर्मी से होने वाली बीमारियां का प्रकोप इस समय अधिक देखा जा रहा है। इंदौर के आसपास के शहरों से मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित बच्चे भी अस्पताल पहुंच रहे है।
