मध्य प्रदेश के पारंपरिक हथकरघा कलाओं को एक विशेषता प्रदान करने के उद्देश्य मध्यप्रदेश शासन का कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग मुंबई में एक फैशन शो करने जा रहा है, इस आयोजन का उद्देश्य मध्य प्रदेश की बुनाई की पारंपरिक धरोहर को सामने लाना है साथ ही राज्य के बुनकरों और कारीगरों को कई अवसर प्रदान करना है।
कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की प्रमुख सचिव स्मिता भारद्वाज ने रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई में आयोजित होने वाले फैशन शो में मध्य प्रदेश के कई जाने-माने डिज़ाइनर हिस्सा लेंगे, इस आयोजन के माध्यम से प्रोसैस्ड टेक्सटाइल के स्थान पर वर्षों पुरानी हथकरघा की तकनीक को प्रोत्साहन देना उद्देश्य है ताकि इस कार्य से जुड़े परिवार आत्मनिर्भर बन सकें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत की पहल के अनुरूप अपना जीवन यापन कर सकें । इस फैशन शो में चंदेरी और महेश्वरी वस्त्र समकालीन खादी डिजाइंस और पारंपरिक सिल्क साड़ियां और बाघ, बाटिक तथा नांदना की देशज प्रिंट्स वाले मन मोह परिधान तथा होम फर्निशिंग कि एक वृहद उत्पाद श्रंखला प्रस्तुत की जाएगी।
इस फैशन शो में हथकरघा बुनकर फैशन डिजाइनर्स के साथ रैंप पर वॉक भी करेंगे। वर्तमान डिजाइनर्स अपने कुछ परिधानों का विक्रय ऑक्शन करेंगे और उससे प्राप्त धनराशि का उपयोग हथकरघा बुनकरों के बच्चों के लिए किया जाएगा।
