किस्तों में मोबाइल लेने आए एक ग्राहक के ई कामर्स एप की आइडी हैक कर 21 लाख रुपये के 68 मोबाइल धोखे से खरीदने वाले आरोपित को राज्य साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। सेल के एसपी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपित मोबाइल दुकान संचालक ने फरियादी के अमेजन एप को हैक कर उसका पासवर्ड रिसेट कर अमेजन की प्रीमियम मेंबरशिप ली और फिर वारदात को अंजाम दिया। उसने खरीदारी के लिए अलग-अलग क्रेडिट और डेबिट कार्ड का उपयोग किया। ये कार्ड किन के नाम पर थे और उनका कैसे उपयोग किया गया, यह भी पता लगाया जा रहा है। सेल ने आरोपित से वारदात में उपयोग किया गया मोबाइल फोन, दो सिम और दो मास्टर कार्ड जब्त कर लिए हैं।
एसपी सिंह ने बताया कि मामले में अमित पुत्र श्रीकांत परवाल ने शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि तीन महीनों में 21 लाख रुपये के मोबाइल उनकी अमेजन आइडी से धोखाधड़ी करके खरीदे गए हैं। केस दर्ज कर जांच की तो ठगी में दो मोबाइल नंबर सामने आए, जो प्रतीक पुत्र सुभाष लालवानी निवासी सिल्वर पैलेस उपयोग कर रहा था। उसकी जेल रोड पर प्रतीक मोबाइल के नाम से मोबाइल की दुकान है। फरियादी अमित कुछ दिन पहले उसी दुकान पर किस्तों पर मोबाइल खरीदने के लिए गया था। इसी दौरान प्रतीक ने धोखे से अमित की अमेजन यूजर आइडी ली और उसे हैक कर अपने मोबाइल में लागइन करते हुए अमेजन की प्रीमियम मेंबरशिप तीन महीने के लिए ले ली। इस तरह उसने 21 लाख रुपये के मोबाइल खरीदे और दूसरे ग्राहकों को बेच दिए। बाद में अमित के नाम से फर्जी मेल आइडी बनाकर अमेजन को मेल कर एक अन्य फर्जी मेल आइडी और अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर लिया।
एसपी ने दी सलाह- सतर्क रहें ः एसपी ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना मोबाइल नहीं देना चाहिए। ओटीपी शेयर नहीं करना चाहिए। बैंक के संबंध में आए तो बैंक जाकर जानकारी लेनी चाहिए। आनलाइन शापिंग एप्लीकेशन की यूजर आइडी और पासवर्ड किसी से शेयर नहीं करें। डेबिट, क्रेडिट कार्ड के मामले में भी ऐसा ही है। फोन कॉल पर अज्ञात व्यक्ति के दिए निर्देशों का पालन नहीं करें। साथ ही मोबाइल पर किसी भी प्रकार की रिमोट एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करनी चाहिए।
