सड़क पर बिना रजिस्ट्रेशन के दौड़ने वाले वाहनों पर नकेल कसने की तैयारी ट्रैफिक पुलिस ने की है। इस संबंध में शोरूम संचालकों को पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक ने पत्र भेजा है और निर्देशित किया है कि रजिस्ट्रेशन के बाद ही शोरूम से वाहन को निकाले। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित शोरूम संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन महेशचंद्र जैन ने बताया कि बिना नंबर की नई गाड़ियां सड़क पर देखने को मिलती हैं। जबकि संशोधित मोटर व्हीकल एक्ट 2019 में यह प्रविधान है कि वाहन विक्रेता व डीलर्स बिना रजिस्ट्रेशन के वाहन लोगों को उपलब्ध नहीं कराएंगे लेकिन नियम का पालन नहीं हो रहा है। ऐसे में सभी दो व चार पहिया वाहन डीलर्स को आदेश जारी किया है कि बिना रजिस्ट्रेशन के वाहन शोरूम से नहीं निकाले। नियम का पालन नहीं होने की स्थिति में शोरूम संचालक पर कार्रवाई होगी। कार्रवाई का अधिकार पुलिस, आरटीओ और कोर्ट स्तर तक रहेगा।
ये बोले शोरूम संचालक – मामले में नाम ना छापने की शर्त पर शोरूम संचालकों ने कहा कि नंबर आरटीओ की तरफ से ही लेट होते हैं। ग्राहक नंबर आने तक नहीं रूकेगा। या तो आनलाइन नंबर की व्यवस्था की जाए। शासकीय अवकाश रहेगा तब क्या करेंगे। उस दिन शोरूम तो बंद नहीं कर सकते। फिलहाल आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
सुवि जैन बनी यातायात प्रबंधन मित्र की ब्रांड एंबेसडर – सुवि जैन को यातायात प्रबंधन मित्र का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। वे पिछले डेढ़ साल से यातायात प्रबंधन मित्र के रूप में शहर में सेवा दे रही हैं। पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन महेशचंद्र जैन ने बताया कि सुवि की सेवा, समर्पण को देखते हुए उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाया है। वे अब तक शहर के इंद्रप्रस्थ चौराहे पर सेवा दे रही थीं, लेकिन अब अलग-अलग चौराहे पर सेवा देंगी ताकि यातायात प्रबंधन मित्र सुवि से प्रेरित व उनकी कार्य करने की शैली से रूबरू हो सके।
नेशनल हाइवे के अफसरों ने किया बायपास का मौका मुआयना – पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन महेशचंद्र जैन ने बताया कि बायपास पर अंडरपास और रोड की स्थिति को लेकर नेशनल हाइवे के मनीष असाटी के साथ चर्चा की गई। उनके साथ अफसरों को भेजा और बायपास पर मौका मुआयना करवाया। उन्होंने जल्द ही समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है।
