इंदौर। इंदौर प्रेस क्लब का 60वां स्थापना दिवस 9 अप्रैल 2022, शनिवार को मनाया गया। इसकी शुरुआत आज सुबह 8 बजे पलासिया चौराहा स्थित स्व. रज्जू बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई।इसमें इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविंद तिवारी, महासचिव हेमंत शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक कर्दम, संजय त्रिपाठी, अभय तिवारी, लक्ष्मीकांत पंडित,जयसिंह रघुवंशी सहित कई पत्रकार साथी मौजूद थे। स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम आज शाम 6 बजे जाल सभागृह में आयोजित होगा। श्री राजेंद्र माथुर स्मृति व्याख्यान में इस बार ‘सोशल मीडिया के दौर में प्रिंट मीडिया कैसे बचाए अपना वजूद’ विषय पर राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश व्याख्यान देंगे। विषय प्रवर्तन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री आलोक मेहता करेंगे।
इंदौर प्रेस क्लब स्थापना दिवस समारोह में अत्यंत गौरवशाली प्रसंग भी जुडऩे जा रहा है। हम अपने उन वरिष्ठजनों का सम्मान करने जा रहे हैं, जिन्होंने पत्रकारिता के पांच दशक पूर्ण कर लिए हैं। पत्रकारिता की स्वर्णिम यात्रा पूर्ण कर चुके हमारे अग्रज न सिर्फ इंदौर बल्कि प्रदेश और देश के लिए भी गौरव के पात्र हैं। वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ इस समारोह में स्व. बालाराव इंगले जी की स्मृति में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड भी प्रदान किया जाएगा। जिन वरिष्ठजनों का सम्मान होना है उनमें पद्मश्री अभय छजलानी, श्री विमल झांजरी, श्री कृष्णकुमार अष्ठाना, श्री उमेश रेखे, श्री महेश जोशी, श्री श्रवण गर्ग, श्री सुरेश ताम्रकर, श्री रवीन्द्र शुक्ला, श्री श्रीकृष्ण बेडेकर, श्री ब्रजभूषण चतुर्वेदी, श्री शशिकांत शुक्ल, श्री बहादुरसिंह गेहलोत, श्री विद्यानंद बाकरे, श्री कृष्णचंद दुबे, श्री चंद्रप्रकाश गुप्ता, श्री सतीश जोशी, श्री चंदू जैन, श्री गजानंद वर्मा, श्री दिलीप गुप्ते, श्री विक्रम कुमार और श्री मदनलाल बम शामिल हैं।
