हीटवेव से दुनिया के 7 देश बेहाल:स्पेन, पुर्तगाल और ब्रिटेन में 1700 से ज्यादा मौतें; गर्मी से सड़कें, रेलवे ट्रैक और रनवे का डामर पिघला

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read

यूरोप समेत दुनिया के 7 देश इस समय भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। ब्रिटेन के इतिहास में पहली बार पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। इससे पहले आखिरी बार सबसे ज्यादा तापमान 39.1 डिग्री 2019 में दर्ज किया गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस, इटली, पुर्तगाल, स्पेन और ग्रीस में गर्मी लगातार कहर बरपा रही है। जंगल की आग काबू में नहीं आ रही है। इससे लगातार गर्मी बढ़ रही है। इससे पिछले एक हफ्ते में स्पेन और पुर्तगाल में 1700 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में गर्मी से सड़कों पर डामर पिघल गया। स्कूलों को बंद कर दिया गया है और देश एक तरह से ठप है।

अब फोटोज में देखिए गर्मी का कहर , सबसे पहले ब्रिटेन

यूके के लिंकनशायर और हीथ्रो एयरपोर्ट पर भी मंगलवार को 40 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अन्य 33 जगहों पर पारा 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने राजधानी लंदन समेत मध्य, उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड के इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है।

- Advertisement -
मेनचेस्टर में तापमान बढ़ने से सड़कों का डामर पिघल गया। लोगों को कार चलाने और पैदल चलने में परेशानी हुई।

लंदन के कई इलाकों में ट्रेन सर्विस प्रभावित हुई है। मिडिलैंड्स रेलवे ने लोगों से घरों में रहने की अपील की। अलर्ट में कहा कि ट्रैक, हवा की तुलना में 20 डिग्री ज्‍यादा गर्म होते हैं। तापमान बढ़ा तो फिर ये ट्रैक पिचक और झुक जाएंगे। लंदन में ट्रेनें 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती हैं। इससे ज्यादा नुकसान की खबर है। दो दिन में यहां हीटवेव से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत हुई।

यह फोटो लंदन से करीब 50 किलोमीटर दूर ल्‍यूटॉन एयरपोर्ट का है। यहां गर्मी से रनवे का डामर पिघल गया। एयरपोर्ट स्टाफ रनवे के खराब हुए हिस्से को देखते हुए।

फायर बिग्रेड टीम को कई जगह से आग लगने की जानकारी मिली। लेकिन पूर्वी लंदन का वेनिंगटन में भीषण आग लगी। यहां कई घर जलकर खाक हो गए। ल्‍यूटॉन एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन रनवे के मरम्मत के बाद मंगलवार को फिर शुरू हो गया।

वेनिंगटन के जंगल में लगी आग रिहायशी इलाकों तक पहुंच गई।

स्पेन : स्पेन में 36 जगहों पर जंगल की आग धधक रही है। 70 हजार हेक्टेयर जंगल जल चुका है। दक्षिण-पश्चिमी स्पेन में पारा 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और देश के बाकी हिस्सों में 40 डिग्री तक जा चुका है।

स्पेन में फायरफाइटर्स जंगल की आग पर काबू पाने के लिए जूझ रहे हैं।
स्पेन में जंगल की आग से 70 हजार हेक्टेयर जमीन बर्बाद हो चुकी है। हीटवेव से 510 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

पुर्तगाल :

पुर्तगाल के जंगल में लगी आग से 160 से अधिक लोग घायल हो गए। सैकड़ों लोगों अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। पुर्तगाल में 2017 के बाद ऐसे गंभीर हालात बने हैं। यहां 17 जुलाई को आग पर काबू पाने में जुटा एक फायर फाइटिंग प्लेन क्रैश हो गया था। इस दौरान पायलट की मौत हो गई थी।

पुर्तगाल में जंगल की आग के कारण 30 हजार लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित जगहों की तरफ जाना पड़ा है।

फ्रांस : फ्रांस के 22 हजार एकड़ में फैले जंगल में आग लगने से 12 हजार लोगों को बचाया गया। 3000 से ज्यादा फायरफाइटर्स आग बुझाने में जुटे हुए हैं।

गंभीर हालात को देखते हुए हजारों लोगों को उनके घरों से निकलने के निर्देश दिए गए हैं। कई जगहों पर रेस्क्यू टीम लोगों को इवेक्युएट करने में जुटी हुई हैं।
दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के गिरोंडे क्षेत्र में आग लगने के कारण 31,000 से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा।

UN ने चेताया
एक्सट्रीम वेदर को लेकर संयुक्त राष्ट्र ने चिंता जताई है। संगठन के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि जंगल की आग और हीट वेव के चलते आधी मानवता ही सामूहिक आत्महत्या के मुहाने पर पहुंच गई है।

अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के सैटेलाइट्स ने 13 जुलाई को धरती के ज्यादातर हिस्सों में हीटवेव की वजह से 40 डिग्री के पार तापमान रिकॉर्ड किया।
Exit mobile version