सवारी बैठाने की होड़ में दो सिटी बस ड्राइवरों पर केस ,पुलिस हेल्पलाइन पर 15 दिन में 55 शिकायतें पहुंचीं

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

मंगलवार सुबह 8 से 9 बजे के बीच चाणक्यपुरी चौराहे पर दो सिटी बसों ने सवारी बैठाने की होड़ में रेड सिग्नल तोड़ा। कार सवार ने दोनों बसों का वीडियो बनाया। पुष्टि के बाद ट्रैफिक थाने के आरक्षक सुमतसिंह कछावा की रिपोर्ट पर सिटी बस (एमपी 09 एफए 8589) और (एमपी 09 पीए 0105) के चालकों के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का केस दर्ज करवाया है। इसके पूर्व एमआईजी थाने में राजरतन ट्रेवल्स की बस (एमपी 07 पी 5550) के चालक के खिलाफ भी केस दर्ज करवाया गया। वहीं एक केस राऊ थाने में भी दर्ज करवाया गया।
तेज रफ्तार वाहनों का लाइसेंस भी रद्द करेंगे

तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस मुहिम चला रही है। हेल्पलाइन भी जारी की है, जिस पर 15 दिन में लोगों ने 55 वीडियो बनाकर भेजे हैं। इन वीडियो की पड़ताल के बाद ट्रैफिक पुलिस ने चार बस चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस अधिकारी इनके लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को भेजेंगे। डीसीपी ट्रैफिक महेशचंद जैन ने बताया 5 चालकों के खिलाफ अलग-अलग थानों में केस दर्ज करवाए हैं।

Exit mobile version