
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने आज क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, एसडीएम श्री अक्षत जैन, पशु चिकित्सक सहित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महू विधानसभा में लंपी वायरस के नियंत्रण हेतु विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने हसलपुर, कमदपुर, जाकुखेड़ि, कुमठी आदि क्षेत्रों के किसानों एवं पशुपालकों से चर्चा की और लंपी वायरस से बचाव हेतु जरूरी वैक्सीनेशन के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी।
मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों, गौ-सेवक और समाज के लोगों की सहभागिता के साथ, हम सभी को मिलकर इस बीमारी को रोकना है। हमें बहुत सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने किसानों एवं पशुपालकों को जानकारी दी कि पशुओं को लंपी वायरस से बचाने के लिए मुफ्त टीका लगाया जा रहा है, अभी तक साढ़े 4 हजार पशुओं को टीका लगाया जा चुका है। मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि हम सभी को यह संकल्प लेना है कि हमें गौवंश के प्राणों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करना है।
रोकथाम और बचाव के उपाय
इस दौरान पशु चिकित्सक द्वारा लंपी वायरस से बचाव हेतु निम्नानुसार जरूरी उपाय भी किसानों को बताए गए।
1.पशुओं के आवास- बाड़े की साफ सफाई रखना
2.संक्रमित क्षेत्र से अन्य क्षेत्रों में पशुओं के आवागमन को रोका जाना
3.रोग के लक्षण दिखाई देने पर अविलंब पशु चिकित्सक से उपचार कराना
4.स्वस्थ पशुओं का टीकाकरण कराना
