भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं सोनिया गांधी, प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा भी पहुंचे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को राजधानी दिल्ली में एंट्री कर चुकी है. आज यात्रा ने बदरपुर बॉर्डर से सुबह दिल्ली में प्रवेश किया. इस यात्रा में प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हो गई हैं. यात्रा करीब 10:30 बजे जयदेव आश्रम, आश्रम चौक के पास पहुंचेगी. शाम करीब 4.30 बजे लाल किले पर जाएगी. यात्रा के दिल्ली आने पर राजनीति भी शुरू हो गई है. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि देश में कोविड केसों में फिर से उछाल देखने को मिल रहा है. लेकिन कांग्रेस केंद्र द्वारा घोषित कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रही है.

  • राहुल गांधी आज शाम राष्ट्रीय स्मृति स्थल जाएंगे. यह पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी का समाधि स्थल है.
  • राहुल गांधी के नेतृत्व में काफिला लालकिले की ओर बढ़ रहा है. हालांकि यात्रा इस वक्त आश्रम पहुंच चुकी है.
  • भारत जोड़ो यात्रा में सोनिया गांधी शामिल हुईं. इस दौरान प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा भी पदयात्रा में पहुंचे. इस वक्त राहुल गांधी का काफिला आश्रम की ओर बढ़ रहा है.

वहीं, राजधानी दिल्ली में एंट्री करने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि आज हम भारत की राजधानी दिल्ली के द्वार पर खड़े हैं. यह इस यात्रा के लिए और देश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है. इस पूरी यात्रा के दौरान हमने अपने लोगों के जबर्दस्त ज्ञान से सीखा है. हमने उनकी पीड़ा देखी है और उनकी आकांक्षाओं को सुना है.

इतना ही नहीं राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा अब मोहब्बत की इस आवाज और भारत के लोगों के मैसेज को दिलवालों की नगरी यानी दिल्ली तक ले जाएगी. उन्होंने कहा कि आप लोग मेरे शब्दों का नोट कर लें… आपकी नफरत को हमारा प्यार काटेगा.

Exit mobile version