बीजेपी चलाएगी जनसंपर्क महाअभियान, सीएम शिवराज करेंगे प्रबुद्धजनों से संवाद

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर : बीजेपी ने इंदौर नगर निगम में अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए कमर कस ली है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ बीते बीस वर्षों में इंदौर में किए गए विकास कार्यों की बानगी लेकर बीजेपी जनता के बीच जाएगी। इसके लिए पूरी योजना बना ली गई है। सीएम शिवराज सिंह भी 28 जून को इंदौर आकर प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। इसके अलावा वे 2 जुलाई को रोड शो भी करेंगे। बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बीजेपी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इंदौर का जो विकसित स्वरूप आज दिखाई दे रहा है वह बीजेपी परिषदों की देन है। कांग्रेस के समय तो इंदौर सड़क, बिजली, पानी सहित तमाम सुविधाओं से वंचित था।

सीएम शिवराज प्रबुद्धजनों के साथ करेंगे संवाद।

गौरव रणदिवे ने बताया कि सीएम शिवराज 28 जून को इंदौर आकर प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे।इसके अलावा वे बीजेपी के महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव और वार्ड प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो भी करेंगे।

- Advertisement -

26 – 27 जून को चलाएंगे जनसंपर्क महाअभियान।

श्री रणदिवे ने बताया कि बीजेपी 26 और 27 जून को जनसंपर्क महाअभियान चलाएगी। इसके तहत पार्टी के कार्यकर्ता घर – घर जाकर लोगों को बीजेपी की केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ही बीजेपी की निगम परिषद द्वारा किए गए विकास कार्यों से अवगत कराएंगे। इसके अलावा हितग्राही सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। 26 जून को बूथ के कार्यकर्ता पहले पीएम नरेंद्र मोदी की मन की बात को सुनेंगे, उसके बाद जनसंपर्क महाअभियान पर निकलेंगे।

29 – 30 जून को नगर विजय सम्मेलन होगा।

गौरव रणदिवे ने बताया कि 29 और 30 जून को बीजेपी नगर विजय सम्मेलन का आयोजन करेगी। इन सम्मेलनों के जरिए बीजेपी की भारी बहुमत से विजय का संकल्प दोहराने के साथ बीजेपी की केंद्र और प्रदेश सरकारों के जनहितकारी कार्यों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।

Exit mobile version