नगर निगम क्षेत्र में लगभग 60.88 प्रतिशत मतदाताओं ने किया अपने मताधिकार का उपयोग आठों नगर परिषदों में लगभग 76 प्रतिशत से अधिक हुआ मतदान

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर जिले में आज इंदौर नगर निगम सहित सभी आठों नगर परिषदों में उत्साह और उल्लास के साथ शांतिपूर्ण रूप से मतदान संपन्न हुआ। आज समाज के सभी वर्गों ने भारी उत्साह के साथ मतदान किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इंदौर नगर निगम क्षेत्र में आज लगभग 60.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसी तरह आठों नगर परिषदों में अनंतिम जानकारी के अनुसार 76 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है।

आज युवाओं से लेकर बुजुर्ग मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान कर अपनी हिस्सेदारी दी। सुबह से ही मतदान के लिये उत्साह देखा गया। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण रूप से मतदान किया। मतदाताओं की सुविधा के लिये मतदान केन्द्रों पर विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी थे।

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इंदौर नगर निगम क्षेत्र में कुल 18 लाख 35 हजार 317 मतदाताओं में से कुल 11 लाख 17 हजार 300 मतदाताओं ने मतदान किया। इसी तरह आठों नगर परिषदों में कुल एक लाख 23 हजार 532 मतदाताओं में से 93 हजार 908 मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया।

जिले में सर्वाधिक 87.90 प्रतिशत मतदान नगर परिषद हातोद में

- Advertisement -

जिले के नगर परिषद बेटमा में 82.85 प्रतिशत, देपालपुर में 78.30 प्रतिशत, गौतमपुरा में 82.83 प्रतिशत, हातोद में 87.90 प्रतिशत, महूगांव में 68.40 प्रतिशत, मानपुर में 79.95 प्रतिशत, राऊ में 74.17 प्रतिशत तथा सांवेर में 72.16 प्रतिशत मतदान हुआ।

Exit mobile version