इंदौर में कमिश्नरी लागू होने के बाद तीन माह में कम बजी डायल-100 की घंटी

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
डायल-100 नये और आसान तरीके से करेगी आपकी मदद,जानिए क्या है सिस्टम -Dial 100  team will trace location when calling from ordinary feature phone – News18  हिंदी

पुलिस अधिकारियों का दावा, बेहतर पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई से हुआ संभव, पिछले साल की तुलना में इस बार 1554 फोन कॉल की कमी आई।
शहर में कमिश्नरी लागू होने के बाद पिछले साल के मुकाबले इस बार जनवरी से मार्च तक डायल-100 में डेढ़ हजार फोन कॉल की कमी आई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि बेहतर पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई से ऐसा संभव हो पाया है।

9 दिसंबर 2021 को कमिश्नरी व्यवस्था (आयुक्त प्रणाली) शहर में लागू की गई थी। पुलिस विभाग के मुताबिक पिछले साल एक जनवरी से 28 मार्च 2021 तक डायल-100 पर 27 हजार 564 फोन कॉल आए थे। लोगों ने विभिन्न प्रकार की समस्या और परेशानियों को लेकर पुलिस से मदद मांगी थी। इस बार बीते तीन महीने के जो आंकड़े सामने आए हैं, उसके तहत 26 हजार 10 फोन कॉल डायल-100 पर लोगों ने किए। इस तरह पिछले साल की तुलना में 1554 फोन कॉल की कमी आई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार डायल -100 पर आपसी विवाद के अलावा, छेड़छाड़, चाकूबाजी व पुलिस शिकायत नहीं सुन रही है जैसी समस्याएं बताते थे। पुलिस का दावा है कि छेड़छाड़ की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगा है। सघन अभियान और प्रतिदिन चेकिंग के माध्यम से गुंडे-बदमाशों पर नकेल कसी गई है। कमिश्नरी लागू के बाद पुलिस स्टाफ में भी इजाफा हुआ, लिहाजा पुलिस द्वारा शिकायत नहीं सुनने जैसी समस्या भी लगभग खत्म हो गई। कई स्तर पर मानीटरिंग की व्यवस्था है, ऐसे में लोग आसानी से अपनी परेशानी बता पा रहे हैं।
गुंडे-बदमाश दे रहे पुलिस को चुनौती – एक ओर जहां डायल-100 पर आने वाले फोन कॉल में कमी आई है। वहीं दूसरी तरफ कमिश्नरी लागू होने के बाद भी गुंडे-बदमाशों के हौसले बुलंद है। चेन स्नैचिंग, वाहन चोरी, लूट, हत्या के मामले लगातार सामने आ रहे है। पिछले दिनों पुलिस ने आपरेशन प्रहार के तहत रात्रि में कांबिंग गश्त कर 1700 से अधिक गुंडे-बदमाशों को धरदबोचा था। इसके बावजूद बदमाश लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं।
डायल-100 को मिलेगी नई गाड़ियां – जल्द ही डायल-100 को नई गाड़ियां मिलने वाली हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दो-तीन माह में डायल -100 की पुरानी गाड़ियों को बदल दिया जाएगा। इस दिशा में प्रक्रिया जारी है। फिलहाल संचालित हो रही 45 पुरानी गाड़ियों में से कई वाहन कंडम हो चुके हैं। कुछ प्राइवेट गाड़ियां भी उपयोग में ली जा रही है।

महिलाओं से संबंधित अपराध घटे – डीसीपी सुरक्षा रजत सकलेचा का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार एक जनवरी से 28 मार्च तक डायल-100 पर आने वाले फोन कॉल में कमी आई है। महिलाओं से संबंधित अपराध भी कम हुए हैं।

- Advertisement -
Exit mobile version