इंदौर की स्कीम 140 में शराब दुकान का भारी विरोध, रहवासियों ने दिया धरना

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

शहर के पीपल्याहाना और बिचौली मर्दाना के बीच (स्कीम 140) में हाल ही में खुली शराब दुकान का रहवासी भारी विरोध कर रहे हैं। रविवार सुबह रहवासियों ने विरोधस्वरूप धरना दिया। इसके पहले शनिवार को क्षेत्र की रहवासी महिलाओं ने दुकान में तोड़फोड़ कर शराब की बोतलें फोड़ दी थीं। दुकान के बोर्ड भी तोड़ डाले। दुकान के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा और करणी सेना के नेता भी शामिल हो रहे हैं। क्षेत्र के रहवासी तीन-चार दिन से शराब दुकान का विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार रात को भी दुकान बंद कराने की कोशिश की गई थी। विरोध के बावजूद शनिवार शाम को फिर शराब दुकान शुरू हो गई।

करणी सेना के समरेंद्रसिंह चौहान और युवा मोर्चा के चेतन शिवहरे ने बताया कि बिचौली मर्दाना में अग्रवाल पब्लिक स्कूल के सामने शराब दुकान खुलने से रहवासियों में काफी रोष है। पास में ही मंदिर भी है। शासन का नियम है कि शैक्षणिक संस्थान और धार्मिक स्थल के आसपास शराब दुकान नहीं खोली जा सकती। इसके बावजूद यहां स्कूल के सामने शराब खोल दी गई है। इससे बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। हमने प्रशासन तक विरोध की बात पहुंचा दी है, फिर भी दुकान नहीं हटाई जा रही है। दुकान के विरोध में आसपास की कालोनियों के रहवासी भी शामिल हैं। शनिवार को विरोध इस हद तक बढ़ा कि करणी सेना और युवा मोर्चा के नेताओं के साथ महिलाओं ने शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ भी की। विरोध में ठाकुरसिंह आंवलिया, अविनाश शर्मा, किशोर कुमार गुप्ता, रीतू भुर्रा, सुधा बघेल, नेहासिंह सहित अन्य रहवासी शामिल थे। शराब दुकान के विरोध को लेकर आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त राज नारायण सोनी से संपर्क किया गया, लेकिन वे फोन पर उपलब्ध नहीं हुए।

बुलडोजर लेकर पहुंचे पूर्व मंत्री, भाषण दिया और लौट आए – दूसरी तरफ शनिवार को शराब दुकान का विरोध करने के लिए कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी भी पहुंचे थे। वे अपने समर्थकों के साथ बुलडोजर लेकर दुकान तोड़ने की तैयारी के साथ पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं। शराब दुकान के सामने कुछ देर विरोध प्रदर्शन किया। रहवासियों के समर्थन में कहा कि शराब दुकान हटना चाहिए। शराब को लेकर राज्य शासन के खिलाफ भाषण दिया और बाद में अपने समर्थकों के साथ नाश्ता करके लौट गए।

Exit mobile version