आसाराम बापू के गोंडा आश्रम परिसर में खड़ी कार से मिला बच्ची का शव

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

लंबे समय से जेल में बंद आसाराम बापू के एक आश्रम से बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह आश्रम उत्तर प्रदेश के गौंडा में स्थित है। शव पिछले चार-पांच दिन से एक कार में रखा होना बताया जा रहा है। बास आने पर आश्रम के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

कुछ देर पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि आश्रम में एक आल्टो कार खड़ी है जिसमें से बास आ रही है। पुलिस ने जब कार खुलवाई तो एक 13-14 साल की बच्ची का शव उसमें रखा था। शव से बदबू आने लगी थी जिससे लग रहा है उसकी हत्या तीन से चार दिन पहले हो चुकी है। कार किसकी है इसके बारे में पुलिस जानकारी ले रही है। यह कार आश्रम परिसर में कैसे आई और कब से यहां खड़ी है इसे लेकर भी जांच की जा रही है। बच्ची के शव के पोस्टमार्टम से यह भी पता चलेगा कि उसके साथ क्या-क्या हरकत की गई थी। यह बच्ची कौन है इस बारे में भी अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि यह पहला मामला नहीं है जब आसाराम के आश्रम से किसी बच्चे का शव मिला हो। साल 2008 में म.प्र. के छिंदवाड़ा स्थित आश्रम से भी एक बच्चे का शव मिला था। 2008 में गुजरात के आश्रम से गायब दो बच्चों के शव साबरमती तट पर मिले थे। आपको बता दें आसाराम व उसका बेटा नारायण सांई दोनों ही साल 2013 से बलात्कार व अन्य मामलों में जेल में बंद है।

Exit mobile version