नई दिल्लीः दिल्ली के कापसहेड़ा में सिक्योरिटी एजेंसी चलाने वाले एक शख्स के साथ जालसजी का अनोखा मामला सामने आया जब उनके अकाउंट से 50 लाख 63 हजार रुपये निकाल लिए गए वो भी तब जब उन्होंने किसी से ओटीपी तक साझा नही किया.
दरअसल, मामला 13 नवंबर का है जब पीड़ित अपने घर पर थे. उसी समय उनके फोन पर अनजान नवंबर से काल आता है. पीड़ित फोन उठाते है, लेकिन दूसरे तरफ से कोई आवाज नहीं आई. इसके बाद अलग-अलग नवंबर से कई बार फोन आता है जिसमे कुछ मिस्ड कॉल में बदल जाते है. 2-3 बार वो फोन उठाते भी है.
लेकिन, दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आती. पीड़ित का कहना है कि ये सिलसिला करीब एक घंटे तक चलता है लेकिन उसके बाद जब वो अपने फोन पर आए मेसेज देखते है तो उनके होश उड़ जाते है. उनके एकाउंट से करीब 50 लाख 63 हजार गायब हो चुके थे.
सिक्युरिटी कंपनी चलाने वाले योगेश सिंह का कहना है कि इस साइबर फ्रॉड से उनका बड़ा नुकसान हुआ है. उनके कंपनी में लगभग 400 लोग काम करते हैं. उनकी सैलरी देने में समस्या आ रही है. इसी के साथ साथ PF, ESI और GST भी नहीं भर पा रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा कि घर पर लड़की की शादी अगले महीने है. इस आर्थिक नुकसान की वजह से मानसिक नुकसान भी काफी हो रहा है. उनका आरोप है कि अभी तक कोई ऐसी कार्यवाई नहीं दिख रही है जिससे उन्हें संतुष्टि मिल सके कि उनके पैसे वापस मिल सके.
