US में फायरिंग की घटना:इंडियानापोलिस में मारे गए 8 लोगों में 4 सिख थे; जिस वेयरहाउस में फायरिंग हुई वहां के 90% कर्मचारी इंडियन-अमेरिकन

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
फायरिंग की घटना फेडेक्स कंपनी के वेयरहाउस में हुई थी। इस घटना में घायल हुए 5 लोगों में भी एक सिख शामिल है।

अमेरिका के इंडियानापोलिस में गुरुवार रात हुई फायरिंग में मारे गए 8 लोगों में 4 सिख थे। इस घटना में 5 लोग घायल भी हुए हैं। घायलों में भी एक सिख हरप्रीत सिंह गिल (45) शामिल हैं। उनकी आंख के पास गोली लगी है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। यह हमला फेडेक्स डिलीवरी सर्विस के जिस वेयरहाउस में हुआ वहां के 90% कर्मचारी इंडियन-अमेरिकन हैं और ज्यादातर सिख समुदाय के हैं।

इंडियानापोलिस मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक मारे गए चार सिखों के नाम अमरजीत जोहल (66), जसविंदर कौर (64), अमरजीत सखों (48) और जसविंदर सिंह (68) थे। इनमें से पहली 3 महिलाएं थीं।

फेडेक्स का पूर्व कर्मचारी था हमलावर
हमलावर की पहचान 19 साल के ब्रैंडसन स्कॉट के रूप में हुई है। उसने फायरिंग के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। हमलावर के बारे में फेडेक्स ने सिर्फ इतना बताया है कि वह कंपनी का पूर्व कर्मचारी था।

अमेरिका में 17 दिन में फायरिंग की दूसरी घटना
अमेरिका में आए दिन फायरिंग की घटनाएं होती रहती हैं। यह 17 दिन में दूसरी घटना है। इससे पहले 31 मार्च को दक्षिणी कैलिफोर्निया में फायरिंग की घटना में 4 लोगों की मौत हो गई। इसमें एक बच्चा भी शामिल था। इससे पहले 22 मार्च को बाउल्डर में हमलावर ने सुपर मार्केट में अंधाधुंध गोलियां बरसाईं थी। इस घटना में 10 लोग मारे गए थे। इसमें एक लोकल पुलिस ऑफिसर भी शामिल था।

- Advertisement -
Exit mobile version