इंदौर में मानवीय रिश्तो को शर्मसार कर देने वाला घटनाक्रम सामने आया है जहां एक 80 साल के बुजुर्ग को उसके ही परिजन खाने-पीने और दवाइयों के लिए परेशान कर रहे थे।चूंकि पीड़ित काफी बुजुर्ग है इसलिए वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराने नहीं जा सकते थे इसलिए उन्होंने अपनी परेशानी लंदन में रहने वाले अपने 78 वर्षीय मित्र को बताई, तो मित्र ने इंदौर पुलिस से संपर्क किया। इंदौर में बुजुर्ग पंचायत संचालित करने वाली विंग के अधिकारी को जब उन्होंने फोन पर बुजुर्ग की पीड़ा बताइ तो पुलिस के कई आला अधिकारी विंग के कुछ कार्यकर्ता बुजुर्ग से मिलने उसके निवास भवर कुआं पहुंचे। जहां बुजुर्ग से बात की तो शिकायत की पुष्टि हुई जिसके बाद पुलिस ने बुजुर्ग के सभी परिजनों को बैठकर समझाईश दी की यह संगीन अपराध है, इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। यदि इस घटना की पुनरावृत्ति होती है तो परिवार वालों के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा। बुजुर्ग की ठीक तरह से देखभाल हो रही है या नहीं इसके लिए अधिकारी कर्मचारी लगातार फीडबैक लेने के लिए मिलने आते रहेंगे। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग के नाम कुछ संपत्ति है और उसी को परिजन हथियाना चाहते हैं इसीलिए वह लोग बुजुर्ग को परेशान कर रहे थे।
