नौकरी दिलाने का बोलकर रुपये लिए, वापस मांगे तो धमकी मिली

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

स्कीम नंबर-78 में रहने वाली पूनम यादव ने शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) हरिनारायणाचारी मिश्र को ठगी की शिकायत कर कहा कि आरोपित ने नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लिए और फिर वापस देने का कहा तो जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपित ने ठगी कर रुपये ऐंठ लिए हैं।
पूनम ने आरोप लगाते हुए कहा कि नंदानगर सरकारी स्कूल के पास रहने वाला हेमंत कुशवाह एक कंसल्टेंसी चलाता है। कोरोना और लॉकडाउन के कारण कई लोगों की नौकरियां चली गई हैं। इसका फायदा उठाकर उसने युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और लोगों से रुपये ऐंठ लिए। मजबूरी में कुछ लोगों ने 15 तो कुछ ने 25 हजार रुपये दे दिए। पूनम व चार साथियों ने 51 हजार रुपये हेमंत को गूगल-पे से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए थे।

रुपये देने के बाद से वह नौकरी दिलाने की बात को टालने लगा। रुपये लेते समय उसने एक हफ्ते में नौकरी दिलाने की बात की थी। एक हफ्ते बाद जब नौकरी की बात करने पहुंचे तो उसने बैंकों के फर्जी दस्तावेज देते हुए ऑफर लेटर पकड़ा दिए। जब वे बैंक पहुंचे तो वहां के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने किसी तरह का ऑफर लेटर जारी नहीं किया और न ही बैंक के हेड ऑफिस से कोई सूचना आई है। धोखाधड़ी पकड़े जाने पर पूनम व उनके साथी हेमंत से मिलने गए और रुपये मांगे तो वह गाली-गलौज करने लगा और हाथ पैर तोड़ने की धमकी दी। जिसके बाद शिकायती आवेदन परदेशीपुरा थाना पुलिस को दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को सभी मिलकर डीआइजी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। साथ ही विजय नगर थाने में केस दर्ज कराने की बात कही है। फरियादियों ने विजय नगर थाने में शिकायत की। विजय नगर थाना पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है

Exit mobile version