इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में आज देर शाम एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या में उसके किसी परिचित व्यक्ति का हाथ होना सामने आया है। हत्या की घटना एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी क़ैद हो गई।
एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी ने बताया, गुरुवार शाम करीब सवा सात बजे सिंगापुर सिटी टाउनशिप में 25 साल की प्रिया पति श्याम अग्रवाल निवासी ज्ञानशीला टाउनशिप को किसी ने कॉल कर मिलने बुलाया था। प्रिया के साथ उसकी बेटी भी थी, जिसके पहुंचने पर आरोपी और उसके साथी ने प्रिया पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल अवस्था में प्रिया मदद मांगते हुए एक दुकान तक लड़खड़ाते हुए पहुंची और वहीं गिर गई। घटना की जानकारी पुलिस को मिली तब तक प्रिया की मौत हो चुकी थी। यह घटना सीसीटीवी में भी क़ैद हुई।
