शहर में दंगे की साजिश करने वाले अल्तमश खान और उसके दो साथी जावेद व मोहम्मद इमरान को पुलिस ने गुरुवार को दोपहर जिला कोर्ट में पेश किया। एक आरोपित इरफान पूर्व से ही जेल में बंद है। पुलिस के बाद आइबी पाकिस्तानी कनेक्शन तलाशने में लगी है।
खजराना थाना टीआइ दिनेश वर्मा के मुताबिक इसाक कॉलोनी निवासी अल्तमश पुत्र अबरार खान,मोहम्मद इमरान अंसारी उर्फ मुनाजिर पुत्र अब्दुल हक अंसारी निवासी रानीपुरा,जावेद पुत्र मोहम्मद शाहिद निवासी कनाड़िया रोड़ को पिछले शनिवार गिरफ्तार किया था। आरोपितों का गुरुवार को रिमांड समाप्त हो गया है। तीनों आरोपितों को दोपहर को कोर्ट पेश कर दिया । उधर एक आरोपित सैयद इरफान अली उर्फ रशीद निवासी गोया रोड़ को पुलिस बीमार होने के कारण जेल भेज चुकी है।
चारों आरोपितों पर रासुका का प्रस्ताव भेजा
टीआइ के मुताबिक आरोपितों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने रासुका के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव कलेक्टर को भेज दिया है। पुलिस ने आरोपितों के पाकिस्तानी और तालिबानी कनेक्शन भी निकाल लिए है। जानकारी मिली की आरोपित अल्तमश के मोबाइल में सात पाकिस्तानी नंबर है जिनसे वह वॉट्सएप के माध्यम से संपर्क में था। आरोपित इनसे वॉट्सएप कॉलिंग ही करता था। इसके अलावा यूट्यूब चेनल के माध्यम से भी आरोपित देश विरोधी और तालिबान समर्थित बातें करता था। महिलाओं पर भी तालिबान की तरह पाबंदियां लगाने की बातें करता था।
