मंगलवार को इंदौर की चोइथराम मंडी में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और मंडी व्यापारी हम्माली को लेकर आमने-सामने हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि मंडी प्रशासन को पुलिस बुलाना पड़ गई। इस दौरान व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन में जमकर हाथापाई भी हुई।
प्रदेश की सबसे बड़ी चोइथराम मंडी में व्यापारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी आमने-सामने हो गए। दरअसल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के द्वारा जिसका माल उसका हम्माल अभियान के तहत आंदोलन चलाया जा रहा है। जिसमें ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने किसी प्रकार की हम्माली देने से साफ मना कर दिया है। इसी को लेकर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी चोइथराम मंडी के बाहर भी प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान जब व्यापारियों का सामान लेकर ट्रक मंडी में प्रवेश करने लगे तो ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन ट्रकों को प्रवेश करने से रोक दिया। जिसके बाद व्यापारी भड़क उठे और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और व्यापारियों के बीच जमकर हाथापाई तक हो गई। विवाद बढ़ता देख मंडी प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कराया। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से राजेन्द्र नगर थाने पर शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसके बाद अब पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।
