इंदौर को ऑक्सीजन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा की गई कवायद अब रंग लाने लगी है, जहां पूर्व में कई निजी और शासकीय अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट शुरू किया गया था,
वही आज गीता भवन ट्रस्ट हॉस्पिटल में भी 100 सिलेंडर की क्षमता वाले ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ कलेक्टर मनीष सिंह और ट्रस्ट के पदाधिकारियों के द्वारा किया गया। जिसके बाद अब यह अस्पताल पूर्ण रूप से ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर हो गया है, दरअसल, कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन को लेकर हुए हाहाकार के बाद शासन प्रशासन के द्वारा तीसरी लहर की संभावनाओं को देखते हुए शहर के कई अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट शुरू करने की कवायद की गई थी। जिसको लेकर प्रशासन द्वारा जहां एक तरफ अस्पताल प्रबंधन से चर्चा की जा रही थी, वहीं शासन के द्वारा भी इस प्लांट को लेकर सब्सिडी का ऐलान किया गया है। इस कवायद के तहत जहा पूर्व में इंदौर के कई अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो चुका है, वही इंदौर के मध्य क्षेत्र में स्थित गीता भवन ट्रस्ट हॉस्पिटल भी अब ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर हो गया है, गौरतलब है कि गीता भवन में रोजाना अधिकतम 70 सिलेंडर प्रतिदिन की आवश्यकता होती है, जबकि इस अस्पताल में स्थापित हुआ प्लांट रोजाना 100 सिलेंडर ऑक्सीजन की क्षमता वाला है, वही इस प्लांट के शुरू होने के बाद जहां इस अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को पर्याप्त ऑक्सीजन मिल सकेगी, वही यह अस्पताल जरूरत पड़ने पर दूसरे अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई कर सकेगा।
