इंदौर पुलिस ने पकड़ी फर्जी एडवाइजरी कंपनी : 2 लोगों से ठगे 20 लाख, ठगी में पुलिसकर्मी और पत्रकार भी थे शामिल; पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड की 20 से ज्यादा मिली सिम

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

ऑनलाइन एजुकेशन कंपनी की आड़ में पैसा दोगुना करने की फर्जी एडवाइजरी कंपनी चलाने वाले संचालक और उसकी सहयोगी महिला को विजय नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि इन्होंने दो लोगों से 20 लाख रुपए की ठगी की है। 

दोनों आरोपी बड़ी भमौरी निवासी कुलदीप सिंह और उसकी सहयोगी रितु पांडे है। दोनों अंजनी नगर के कमर्शियल अपार्टमेंट में ऑफिस चलाते थे। अपने यहां काम करने वालों को ‘एडु प्लस’ के आई कार्ड पहनाकर रखते थे। जब पुलिस ने दबिश दी, तो कर्मचारी स्वयं को एजुकेशन कंपनी का बताकर गुमराह कर रहे थे।

विजय नगर टीआई तहजीब काजी के मुताबिक आरोपी अपने कर्मचारियों को ऑनलाइन एजुकेशन देने वाली कंपनी का आई कार्ड पहनाकर रखते थे। जब भी पुलिस दबिश देती, तो खुद को ऑनलाइन एजुकेशन कंपनी का कर्मचारी बता देते थे। धोखाधड़ी के रुपए बेंगलुरु और कोलकाता में खोले गए बैंक खातों में जमा कराते थे। इनसे पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड की 20 से ज्यादा सिम मिली हैं।

ग्राहकों का पैसा दोगुना करने के नाम पर की जा रही ठगी में फर्जी एडवाइजरी कंपनी के संचालक के साथ-साथ पुलिस और पत्रकार भी मिले थे। उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा। पुलिस ने सीधी निवासी सुशीला रावत की रिपोर्ट पर भमौरी की फंड बाजार रिसर्च एडवाइजरी कंपनी के कुलदीप और ऋतु के खिलाफ केस दर्ज किया है। कुलदीप और ऋतु ने कबूला है कि उनकी कंपनी में जो पैसा आता था, उसमें से दो पुलिसवाले और 3 पत्रकार भी हिस्सा लेते थे। कुछ दिन पहले पुलिसवालों ने यहां से दो लाख रुपए लिए थे। धोखाधड़ी में पुलिसवालों के भी शामिल होने की बात आई है।

- Advertisement -
Exit mobile version