इस अवसर पर संगीत गुरुकुल के 75 कलाकारों की शानदार प्रस्तुति के बीच बीएसएफ के बैंड ने शौर्य और वीरता की धुनें भी बजायी जिसे सुनकर श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए।
दरअसल, इंदौर की ऐतिहासिक धरोहर गांधी हॉल, रविवार शाम को राष्ट्रभक्ति के रागों से गूंज उठा। मौका था ‘आज़ादी के अमृत महोत्सव’ के तहत आयोजित कार्यक्रम ‘देशराग’ का। बता दे कि गांधी हॉल के रेनोवेशन के बाद ये पहला कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बीएसएफ के बैंड ने जब राष्ट्रभक्ति के तराने छेड़े तो इंदौर सांसद शंकर लालवानी खुद को नही रोक पाए और यह देश हैं वीर जवानों का, चक दे इंडिया जैसे गीतों पर उन्होंने बीएसएफ के जवानों के साथ जमकर कदम थिरकाये। ये पिछले 15 दिनों में दूसरा मौका है जब इंदौर सांसद ने अपनी नृत्य कला को पेश किया है इसके पहले पाकिस्तान से आये हिन्दू समाज के लोगो को नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपे जाने के दौरान उन्होंने गरबा नृत्य किया था। इस अवसर पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, बीएसएफ आईजी अशोक कुमार यादव और निगमायुक्त प्रतिभा पाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
