एटीएम में छेड़छाड़ कर सवा लाख की धोखाधड़ी करने में मेवात की गैंग पर शक गहरा रहा है। डीआइजी मनीष कपूरिया ने क्राइम ब्रांच को जांच सौंप दी है। बैंक अफसरों से सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने ले लिए है।
एएसपी (क्राइम) गुरुप्रसाद पाराशर के मुताबिक एटीएम मशीनों का रखरखाव करने वाली कंपनी के कर्मचारी राकेश चौहान,नीरज शर्मा और वीरेंद्र धनगर की शिकायत पर चंदननगर, छोटी ग्वालटोली, हीरानगर थाने में धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज कर लिए हैं। अफसरों ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में करीब 11 एटीएम को निशाना बनाया था। बदमाशों ने डिस्पेंसर के शटर में छेड़छाड़ की और रुपये निकालने आए ग्राहकों के रुपये अटका दिए। बाद में ग्राहकों के जाने के बाद आरोपित रुपये लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने अफसरों के बयान ले लिए है। क्राइम ब्रांच को जो फुटेज मिले उससे हरियाणा के मेवात की गैंग पर ही शक गहरा रहा है।
