आजादी के पर्व पर साहस और जज्बे को सलाम : होटल सम्राट में लगी आग में अपनी जान पर खेलकर 23 लोगों को बचाने वाले चार पुलिसकर्मियों को जीवन रक्षक पदक से सम्मानित करेंगे मुख्यमंत्री

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

 – 7 मार्च 2019 को तुकोगंज थाने के पास स्थित होटल सम्राट में लग गई थी आग

– थाना प्रभारी तहजीब काजी, प्रधान आरक्षक लोकेश गाथे, आरक्षक संजीव धाकड़ और आरक्षक राहुल जाट का होगा सम्मान

खुलासा फर्स्ट, इंदौर। 7 मार्च 2019 को एमजी रोड स्थित होटल सम्राट में लगी आग में अपनी जान की परवाह किए बगैर 23 लोगों को बचाने वाले चार पुलिसकर्मियों थाना प्रभारी तहजीब काजी, प्रधान आरक्षक लोकेश गाथे, आरक्षक संजीव धाकड़ और आरक्षक राहुल जाट को जीवन रक्षक पदक से सम्मानित किया जाएगा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवास के अवसर पर मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन पुलिसकर्मियों को सम्मानित करेंगे।

ऐसा था घटनाक्रम…

- Advertisement -

कंट्रोल रूम के वायरलेस सेट पर 7 मार्च 2019 की शाम एमजी रोड स्थित होटल सम्राट में आग लगने की सूचना आती है। सूचना मिलते ही तुकोगंज थाने के राहुल जाट और संजीव धाकड़ तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों ने होटल में लगी आग और उसमें घिरे कुछ लोगों को देखने के बाद थाना प्रभारी तहजीब काजी को सूचना दी। इस पर तहजीब काजी प्रधान आरक्षक लोकेश गाथे को लेकर तुरंत होटल पहुंच गए। होटल के अंदर से लोगों के चिल्लाने और बचाने की आवाजे आ रही थी।

तुरंत चढ़ाव का इंतजाम किया गया और थाना प्रभारी और अन्य जवान उसके सहारे होटल की दूसरी मंजिल तक पहुंच गए। होटल के अंदर प्रवेश करने के लिए तहजीब काजी ने अपने हाथ से खिड़की के कांच तोड़ दिए और अंद प्रवेश किया। होटल के अंतर हर तरफ धुंआ भरा हुआ था। होटल में प्रवेश करने के बाद पुलिसकर्मियों ने रूमाल को अपने मुंह पर बांध लिया और होटल की खिड़कियों पर लगे कांच को फोड़ दिया जिससे अंदर भरा धुंआ बाहर निकला और अंदर कुछ-कुछ दिखाई देने लगा।

 इस दौरान दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और आग बुझाने का काम प्रारंभ हो गया था। पुलिसकर्मियों ने एक-एक कमरे को चेक किया और उसमें फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव कार्य के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी मां होटल की चौथी मंजिल पर फंसी है। पुलिसकर्मी तुरंत चौथी मंजिल पर पहुंचे, उन्होंने देखा कि धुंए के चलते बुजुर्ग महिला बेहोश हो गई थी। इस पर थाना प्रभारी ने महिला को चादर में लपेटा और साथी पुलिसकर्मियों की मदद से होटल से बाहर निकाला। 

इन पुलिसकर्मियों द्वारा होटल की आग से 23 लोगों को सुरक्षित बचाया गया था।  
Exit mobile version