650 अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की बड़ी तैयारी हुई

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर। बायपास के कंट्रोलिंग क्षेत्र में 650 अवैध अतिक्रमण चिंहिंत किए गए हैं। सभी को नगर निगम ने नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। इसी सप्ताह नोटिस देने का काम समाप्त होने के साथ ही अगले सप्ताह नगर निगम यहां अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई करने जा रही है। कंट्रोलिंग एरिये में कई लोगों ने रेस्टोरेंट, मॉल के अलावा बड़े-बड़े शोरूम भी खोल दिए हैं। अब कंट्रोलिंग एरिये में सड़क के निर्माण को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है। दूसरी और बड़ा गणपति से खजूरी बाजार तक नगर निगम पहले स्वयं ही अपने निर्माण तोड़ने के लिए 7 दिन का समय तय कर रही है, इसके बाद नगर निगम अपनी कार्रवाई प्रारंभ करेगा।
बायपास के कंट्रोल एरिया में ढेरों अवैध निर्माण बिना अनुमति कर लिए गए हैं। नगर निगम द्वारा किए गए सर्वे में 650 अवैध निर्माणों को चिन्हित किया गया है, जिन पर बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है। अभी नगर निगम में सभी को नोटिस जारी करते हुए प्रत्येक अवैध निर्माण का कागजी कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली है। नगर निगम और जिला प्रशासन ने इन अवैध निर्माणों को तोड़ने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई करने के लिए साजोसामान एकत्र करना प्रारंभ कर दिया है। यहां पर केवल चार ही स्थानों पर नक्शे स्वीकृत पाए गए हैं, इनमें दो पेट्रोल पंप भी शामिल हैं। बाकि सभी निर्माण बगैर नक्शा पास कराए पाए गए हैं। प्रारंभिक सर्वे के बाद नगर निगम अधिकारियों ने कलेक्टर को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। बचे हुए लोगों को भी नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चलाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि बायपास के दोनों और 45 मीटर कंट्रोल एरिया में किसी भी प्रकार के निर्माण नहीं किए जा सकते हैं। यहां पर भविष्य में सड़क के निर्माण किए जाने के प्रस्ताव हैं। निर्माण के कारण यहां जमीन लिए जाने में भविष्य में कठिनाई नहीं हो, इसके लिए यह कार्रवाई की जा रही है। बायपास के दोनों ओर शहर के कई दिग्गजों और प्रभावी लोगों ने अपने निर्माण बना लिए हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार भी शामिल हैं। इसके अलावा कई और दिग्गजों ने यहां अपना साम्राज्य खड़ा कर लिया है। बायपास पर 8 से अधिक टॉऊनशिप ने अपने प्रवेश द्वार भी भव्य पैमाने पर बनाकर सर्विस रोड तक जगह घेर दी है। इन्हें भी हटाया जा रहा है।

Exit mobile version