यमुना किनारे नहीं होगी छठ पूजा, पाबंदियोंं के साथ अन्य जगहों पर की जा सकती है

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

दिल्ली में यमुना नदी के किनारे छठ पूजा नहीं होगी, अन्य जगहों पर पूजा करने पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यमुना किनारे को छोड़कर कहीं भी छठ पूजा की जा सकती है। इसके साथ ही शुक्रवार को सिनेमाघरों, थियेटर और मल्टीप्लेक्स को दोबारा पूरी क्षमता से संचालन की अनुमति दे दी गई है। डीडीएमए की ओर से जारी यह आदेश 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि से लागू होगा।

आदेश में कहा गया कि सिनेमाघरों, थियेटर और मल्टीप्लेक्स के मालिक मानक संचालन प्रक्रिया के सख्त अनुपालन के लिए जिम्मेदार होंगे। आधिकारिक दिशा-निर्देशों के अनुसार, परिसर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन जरूरी है। डीडीएमए ने दिल्ली में सभी अधिकृत साप्ताहिक बाजारों को भी एक नवंबर से दोबारा खोलने की अनुमति प्रदान की है।

शादी और अंतिम संस्कार में 200 लोगों को अनुमति
डीडीएमए ने सिनेमाघरों, थिएटर और मल्टीप्लेक्स को दोबारा पूरी क्षमता से संचालन की अनुमति दी। साथ ही दिल्ली में विवाह समारोह और अंतिम संस्कार के दौरान अधिकतम क्षमता को दोगुना करते हुए 200 कर दी है। पहले इन कार्यक्रमों में अधिकतम 100 लोग ही शामिल हो सकते थे।

डीएम को देना होगा अंडरटेकिंग, लापरवाही के लिए आयोजक जिम्मेदार
डीडीएमए के द्वारा छठ को लेकर बनाई गई सभी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करना होगा। छठ पूजा समितियों को आयोजन के लिए संबंधित डीएम को एक अंडरटेकिंग देकर ये सुनिश्चित करना होगा कि गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया जा रहा है। डीएम को कहा गया है कि गाइडलाइन की पालना के लिए अपने क्षेत्र में जागरूकता अभियान भी चलाएं। छठ पूजा उन्हीं जगहों पर हो सकेगी जो पहले से निर्धारित की हो।
यमुना नदी के किनारों पर पूजा के लिए कोई जगह नहीं बनाई जाएगी। इसके साथ ही यमुना में किसी भी तरह की पूजन सामग्री या कोई अन्य सामान भी विसर्जित करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। प्राधिकरण ने कहा कि पूजा स्थलों का चयन और उनका प्रबंधन जिला मजिस्ट्रेट संबंधित विभागों के समन्वय के साथ करेंगे। छठ आयोजन 8 नवंबर से शुरू होगा और दिवाली के छठे दिन 10 नवंबर को छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। छठ का त्योहार 8 नवंबर से 11 नवंबर तक मनाया जाएगा।

- Advertisement -

सिनेमा,स्कूल, बाजार, हाट खोल दिए तब कोरोना का खतरा नहीं: मनोज तिवारी
यमुना नदी पर छठ की पूजा के आयोजन पर डीडीएमए के द्वारा रोक लगाने के आदेश से छठ पूजा समितियों से लेकर पूर्वांचल के नेताओं ने विरोध किया है। इस आदेश को कई छठ पूजा समितियों ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उपराज्यपाल और कोर्ट तक चुनौती देने की बात कही है।
वहीं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने डीडीएमए के आदेश से नाराजगी जताते हुए कहा कि डीडीएमए ने लोकल बाजारों, सिनेमा हॉल को खोल दिया है। वहां पर खरीदारी करने वाला कौन कोरोना का वैक्सीन नहीं लगा रखा है इसका डीडीएमए और केजरीवाल के डीएम, एसडीएम को पता नहीं है। हम छठ पूजा में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को कोरोना का वैक्सीन लगाकर पूजा में भाग लेने, कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करने के आश्वासन के बाद भी डीडीएमए का यह आदेश दुर्भाग्यपूर्ण और पूर्वांचल के लाखों लोगों का अपमान है।

Exit mobile version