महाराष्ट्र में फिर लॉकडाउन की तैयारी:CM उद्धव ठाकरे ने अफसरों से कहा- लॉकडाउन की स्ट्रैटजी बनाएं; एक ही दिन में 40 हजार से ज्यादा केस आने से चिंता बढ़ी

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
Maharashtra CM Uddhav thackeray hints second lockdown in state amid rising cases of coronavirus

महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति बेकाबू होती जा रही है। राज्य में रविवार को कोरोना के रिकॉर्ड 40 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए। इससे सरकार की चिंता बढ़ गई है और एक बार फिर से टोटल लॉकडाउन की तैयारी की जा रही है। कोरोना पर बनी टास्क फोर्स ने लॉकडाउन की सिफारिश भी कर दी है। इसके बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुख्य सचिव सीताराम कुंटे से कहा कि तुरंत लॉकडाउन की स्ट्रैटजी बनाएं।

CM बोले- धारा 144 या कर्फ्यू से काम नहीं चलेगा
उद्धव ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र में धारा 144 से काम नहीं चलने वाला। कर्फ्यू से भी कुछ नहीं होने वाला। अब लॉकडाउन ही एकमात्र विकल्प है। उद्धव के इस बयान के बाद माना जा रहा है अगले एक से दो दिन में महाराष्ट्र में टोटल लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में बेड की संख्या, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर्स की व्यवस्था के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली है।

वहीं, हिंगोली जिले में रविवार से ही एक हफ्ते का टोटल लॉकडाउन लगा दिया गया है। यह 29 मार्च सुबह 7 बजे से 4 अप्रैल दोपहर 12 बजे तक जारी रहेगा। हालांकि, इस दौरान जरूरी सेवाओं जैसे दूध, किराना, फल-सब्जी की दुकानें और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। इसके अलावा औरंगाबाद में भी 30 मार्च की आधी रात से 8 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है।

कोरोना की भेंट चढ़ी परंपरा
उधर, बीड जिले के केज तालुका के विदा गांव में पिछले 80 सालों से चली आ रहे गधा जुलूस को इस बार रद्द कर दिया गया है। इस जुलूस में एक गधे को रंग लगाकार, उसके गले में सैंडल पहनाकर और उसपर एक शख्स को पूरे गांव में घुमाया जाता है। गधे पर बैठने वाले शख्स को सोने की अंगूठी और नई ड्रेस इनाम में दी जाती है। हालांकि जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत के आग्रह के बावजूद इस कार्यक्रम को रद्द करने का आदेश सुनाया था।

- Advertisement -

कोरोना ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना ने सारे रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं। रविवार को यहां 40,414 नए केस सामने आए। यह एक दिन में मिले संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 26 मार्च को 36,902 मामले आए थे। बीते दिन राज्य में 108 लोगों की मौत भी हुई, इसमें से 58 मौतें नागपुर में हुई हैं।

मुंबई में मिले करीब 7 हजार मरीज
मुंबई में पिछले 24 घंटों में 6923 नए केस सामने आए। इसके अलावा 12 लोगों की मौत भी हुई। मुंबई में अब तक 3 लाख 98 हजार 674 कोरोना संक्रमित केस सामने आ चुके हैं। अब तक 11 हजार 649 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई है

Exit mobile version