शहर में 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। द्वारकापुरी थाना पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर सलीम और उसकी मां दीपा चौहान के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक बुद्ध नगर निवासी 17 वर्षीय किशोरी से आरोपित सलीम पुत्र एहसान पटेल निवासी बुद्धनगर की जान पहचान थी। 21 नवंबर 2020 को सलीम बहाने से किराए के मकान में ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। सलीम ने नाबालिग के साथ कई बार दुष्कर्म किया, जिसके बाद उसे दो महीने का गर्भ ठहर गया। लड़की ने सलीम को इसके बारे में बताया तो उसकी मां दीपा चौहान ने शादी का आश्वासन दिया और 13 जून को अन्नपूर्णा मंदिर ले जाकर दोनों की शादी करवा दी। साजिश के तहत उसे 60 फीट रोड़ स्थित किराये के रूम में रखा और एक दिन गर्म काढ़ा पिला दिया। इससे पीड़िता को गर्भपात हो गया। गर्भपात होने के बाद लड़की को दोनों ने साथ रखने से इन्कार कर दिया और इस बारे में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
16 साल पूर्व मुस्लिम युवक से शादी कर बेटे का नाम रखा सलीम
पुलिस के मुताबिक दीपा की दो शादी हो चुकी है। पहली शादी अरुण चौहान से हुई थी। इसके बाद उसने एहसान से शादी की और एक बेटा हुआ। उसका नाम सलीम रखा। फिलहाल दोनों मां बेटे साथ में रहते हैं। पुलिस के मुताबिक मामले में दोनों को ही मुलजिम बनाया गया है। शुक्रवार रात तलाश में छापे मारे लेकिन दोनों फरार हो गए।
