टिल्लू गैंग के सदस्य को मारने की प्लानिंग:गोगी, लॉरेंस बिश्नोई और अशोक प्रधान गैंग के 4 शार्प शूटर को पुलिस ने किया अरेस्ट

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
हत्या की 15 वारदात कर चुके चार कुख्यात बदमाश पुलिस हिरासत में।

स्पेशल सेल ने गोगी, लॉरेंस बिश्नोई और अशोक प्रधान गैंग के चार शॉर्प शूटर को गिरफ्तार किया है। इन पर चार लाख रुपए से ज्यादा का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके पास से नौ पिस्टल, 123 राउंड जिंदा कारतूस और दो कार बरामद की हैं। इनके पकड़े जाने से बीस से ज्यादा हत्या, हत्या की कोशिश, लूटपाट, वसूली, कार जैकिंग जैसे मामले सुलझाने का दावा किया गया है।

आरोपी अपने दुश्मन टिल्लू ताजपुरिया गैंग के महत्वपूर्ण सदस्य को मारने की प्लानिंग में थे, जो इनके पकड़े जाने से फेल हो गई। आरोपियों की पहचान झज्जर हरियाणा निवासी अनुज उर्फ मनोज, असौदा गांव निवासी हर्ष, हरियाणा निवासी सागर राणा व झज्जर हरियाणा निवासी सुमित के तौर पर हुई। पकड़े गए सभी आरोपी करीब हत्या की पंद्रह वारदात और तीस हत्या की कोशिश, लूटपाट जैसे मामलों में शामिल थे।

गोगी की हत्या का मास्टरमाइंड जितेन्द्र गोगी को क्राइम ब्रांच ने रिमांड पर ले रखा है
पुलिस के मुताबिक एक दशक से ज्यादा वक्त से जितेन्द्र गोगी और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बीच गैंगवार चल रही है। गोगी गैंग ने काला जठेडी, लॉरेंस बिश्नोई, संपत नहरा, अशोक प्रधान, हाशिम बाबा आदि गैंग का साथ ले रखा है, वहीं टिल्लू गैंग को नीरज बवाना, सुनील राठी, नवीन बाली नासिर गैंग का साथ मिला हुआ है। रोहिणी कोर्ट में पिछले दिनों जितेन्द्र गोगी की हत्या के बाद से उसका गैंग विरोधी गैंग से बदला लेने की फिराक में लगा है। गोगी की हत्या का मास्टरमाइंड जितेन्द्र गोगी को क्राइम ब्रांच ने रिमांड पर ले रखा है।

गोगी गैंग के दो बदमाश एक आई 10 कार को वहीं छोड़ भाग निकले
स्पेशल सेल के मुताबिक एक अक्टूबर को गोगी, लॉरेंस और अशोक प्रधान गैंग के प्रहलाद पुर या गांव खेरा में आने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने प्रहलादपुर गांव में एक ग्रेल कलर की बैलेनो कार को चिन्हित किया। यह कार खेरा गांव की ओर चली। पुलिस उनके पीछे लग गई। मौका मिलते ही पुलिस टीम ने इनकी कार को रोक लिया।
बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा गया, जिस पर उन्होंने हवाई फायरिंग कर दी। इस सबके बाद भी पुलिस ने सभी चारों को काबू में कर लिया। हालांकि, इस बीच गोगी गैंग के दो बदमाश एक आई 10 कार को वहीं छोड़ भाग निकले। इनके खिलाफ स्पेशल सेल ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की।
आरोपियों में अनुज के ऊपर दिल्ली पुलिस ने 2,20,000 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। वह जीटीबी हॉस्पिअल से कुलदीप उर्फ छज्जा काे पुलिस कस्टडी से भगाने के केस में शामिल था। आरोपी सागर राणा पर हरियाणा पुलिस ने एक लाख का इनाम तय रखा था। हर्ष के ऊपर 75 हजार और सुमित पर पचास हजार रुपए का इनाम घोषित था। इन सभी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए दस दिन के रिमांड पर लिया है।

- Advertisement -
Exit mobile version