हम में से ज्यादातर लोगों ने पिछले साल कोविड का नाम सुना था, जब विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे महामारी घोषित किया था लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह अमेरिकी प्रांत एरिजोना स्थित एक कंपनी का नाम भी है जो पिछले चार दशक से काम कर रही है। टेंपे शहर में स्थित कोविड.इंक कंपनी ऑडियो विज्युल वॉल प्लेट्स और केबल तैयार करके दुनिया भर में बेचती है।
40 से ज्यादा साल से स्थापित यह कंपनी पिछले साल ही चर्चा में आनी शुरू हुई। चर्चा में आने की वजह भी अच्छी खासी थी ही। कंपनी के सीईओ नॉर्म कार्सन कहते हैं कि जब उन्हें पहली बार फरवरी 2020 में पता चला कि उनकी कंपनी और इस वैश्विक महामारी का नाम एक है, तब वह एम्सटर्डम में एक ऑडियो विज्युल शो में शिरकत करने गए थे।
उन्होंने कहा, हमने कंपनी के बूथ के पास खड़े कई तस्वीरें खिंचवाई।हमें लगा था कि वह दिन आम दिनों जैसा होगा जिसमें वे लोग ट्रेनिंग करेंगे, कस्टमर्स से मिलेंगे लेकिन इससे पहले कि ऐसा कुछ होता वहां पता चला कि कोविड-19 महामारी घोषित हो गई है।
लोग देते हैं नई टैगलाइन, अगर कोई चीज संक्रामक है तो हमारी क्वालिटी
कार्सन बताते हैं कि उनकी कंपनी के संस्थापक पहले इसका नाम वीडियो कंपनी या वीडियो फॉर शॉर्ट रखना चाहते थे मगर उस वक्त इस नाम की कई कंपनियां थी। ऐसे में एक कर्मी ने सुझाव दिया कि इसका नाम कोविड रख दें। बस यह नाम दिमाग में बैठ गया और फाइनल हो गया।
उन्हाेंने कहा, किस्मत अच्छी है कि हमारी कंपनी डिस्ट्रीब्यूटर्स के माध्यम से अपनी डीलरों से संपर्क में रहती है। इसलिए ज्यादातर लोग नहीं जानते कि कोविड नाम की कोई कंपनी है भी या नहीं। लेकिन पिछले साल से यह स्थिति काफी बदली है। दुनिया में सबसे ज्यादा चर्चा में रहे शब्द ने हमारी कंपनी को भी चर्चित कर दिया।
कई बार हास्यास्पद घटनाएं हुईं। एक बार तो कुछ लोग कंपनी का बोर्ड देखकर यह पूछने आ गए कि क्या यहां कोविड-19 के टेस्ट हो रहे हैं। वहीं कुछ तो आकर सुझाव देने लगे कि कंपनी की टैगलाइन बदल लें। हमें टैगलाइन को लेकर कई तरह के सुझाव मिलें। जैसे एक ने सुझाव दिया, कोविड, इस पर पहला हक हमारा है। वहीं एक ने कहा, अगर कोई चीज संक्रामक है तो वह है हमारी क्वालिटी।
हमें कई तरह के जोक्स सुनने को मिलते हैं। लोग तो हैरान होकर पूछते हैं, क्या सच में आपकी कंपनी का नाम कोविड ही है या कोई मजाक कर रहे हैं। हम भी उनकी बातें सुनकर हंस देते हैं क्योंकि हमारा अपनी कंपनी का नाम बदलने का कोई इरादा नहीं।
