कैबिनेट मंत्री कुँवर विजय शाह ने हनुवंतिया के विकास का ड्राफ्ट सीएम के सामने रखा सीएम शिवराज सिंह ने वनमंत्री शाह के प्रस्तावों पर जताई सहमति

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • विश्व पटल पर हनुवंतिया को पहचान दिलाने टापूओं को वायुमार्ग से जोड़ा जाए

कैबिनेट मंत्री कुँवर विजय शाह ने शनिवार को हनुवंतिया में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष क्षेत्र को पर्यटन के नक्शे पर विश्वपटल के समक्ष एक नई पहचान दिलाने का ड्राफ्ट रखा। वनमंत्री शाह ने कहा कि यहाँ पर वायु यातायात प्रारंभ किया जाए, वहीं टापूओं को हवाई मार्ग से जोड़ा जाए। बर्ड वाचिंग और नाइट सफारी प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि जिन टापुओं को अभी विकसित नहीं किया गया है उन्हें लीज पर देकर विकास कराया जाए, ताकि यहाँ रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो सके।
वनमंत्री शाह ने कहा कि चारखेड़ा में तितली पार्क बन रहा है। टूरिज्म और वन विभाग भी क्षेत्र में संभावनाओं पर काम कर रहे हैं। जलमार्ग को विकसित कर पर्यटकों को हनुमंतिया, इंदिरा सागर बांध, सिंगाजी थर्मल पावर प्लान्ट और सिंगाजी समाधि तक लोगों को पहुंचाने के लिए प्रयास होने चाहिए। इससे देशभर के पर्यटकों और दर्शनार्थियों को यहाँ आने में सुविधा होगी। शाह के प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री चौहान ने मौके पर ही पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला को इस संबंध में कदम उठाने के निर्देश दिए। वनमंत्री शाह ने विभाग के माध्यम से हनुमंतिया टापू पर घने और फलदार वृक्ष लगाने का भी सुझाव दिया। इसे भी मुख्यमंत्री चौहान ने अंशतः स्वीकृति देने की बात कही।

*सिंगापुर के सेंटोसा आइलैण्ड जैसा सुंदर है हनुवंतिया*
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हनुवंतिया सिंगापुर के सेंटोसा आइलैण्ड जैसा सुंदर है। सेंटोसा आइलैण्ड के भ्रमण के दौरान ही उन्हें हनुवंतिया को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की प्रेरणा मिली थी। यहाँ का गहरा नीला पानी समंदर जैसा है। ऐसा दृश्य देखने को शहरवासी तरसते हैं। आज मध्यप्रदेश पर्यटन में हनुवंतिया का विशेष स्थान है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हनुवंतिया में सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ ही विभिन्न साहसिक गतिविधियाँ स्कूबा डायविंग, ज्वाय राइड, हॉट एयर बैलून आदि प्रारंभ की जायेंगी। पर्यटक हेलीकॉप्टर में बैठने का आनंद भी ले सकेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज खण्डवा जिले के पर्यटन स्थल हनुवंतिया में जल-महोत्सव 2021-22 का शुभारंभ किया। इस दौरान वनमंत्री कुँवर विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, मांधाता विधायक नारायण पटेल, खण्डवा विधायक देवेन्द्र वर्मा, पंधाना विधायक राम दागोरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version