इंदौर । विधायक संजय शुक्ला अपने विधानसभा क्षेत्र के 600 नागरिकों के जत्थे को लेकर अयोध्या पहुंच गए हैं। जहां उन्होंने रामलला के दर्शन किए। अयोध्या जाने के दौरान मार्ग में पूरी रात रेल में कीर्तन चलता रहा ।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक के वार्ड क्रमांक 9 के 600 नागरिकों के समूह को लेकर विधायक संजय शुक्ला कल भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या की यात्रा पर रवाना हुए थे । इन सभी नागरिकों ने रेल में पूरे रास्ते कीर्तन किया । इन यात्रियों के आने जाने ठहरने खाने-पीने घूमने-फिरने की पूरी व्यवस्था विधायक शुक्ला के द्वारा की गई है। आज अयोध्या पहुंचने के बाद विश्व हिंदू परिषद के वाईस प्रेसिडेंट व राम जन्मभूमि ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी चंपत राय से विधायक शुक्ला ने मुलाकात की। इस मुलाकात में विधायक शुक्ला को उन्होंने आशीर्वाद दिया और इस बात पर खुशी जताई कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के श्रद्धालु नागरिकों को अयोध्या की यात्रा पर लेकर आए हैं ।
अयोध्या में आज विधायक संजय शुक्ला के नेतृत्व में इन सभी नागरिकों ने राम जन्मभूमि पर जाकर भगवान श्री राम के दर्शन किए । इसके साथ ही वहां पर चल रहे राम मंदिर के निर्माण कार्य को देखा । यह सभी श्रद्धालु राम दरबार में भी पहुंचे । संध्या में इन सभी श्रद्धालुओं ने सरयू नदी पर पहुंचकर आरती की । अयोध्या की यात्रा पर गए इन श्रद्धालुओं का जज्बा जोरदार है। सभी उत्साहित हैं। इन श्रद्धालुओं को भगवान राम लला के दर्शन करने से असीम आनंद की प्राप्ति हुई है।
