हिसार की सीआईए टीम को नशा तस्करी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने दिल्ली से एक नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओक्का कंट्री नाइजीरिया वासी हेनरी ने हिसार के दो युवकों को हेरोइन बेची थी। टीम ने आरोपी को दिल्ली के छतरपुर एरिया से काबू किया है। आरोपी हेनरी को कोर्ट में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
27 सितंबर को सीआईए हिसार पुलिस टीम को सूचना मिली कि पीरावाली वासी सुरेंद्र उर्फ अति और सुनील नशीला पदार्थ बेचने का काम करते हैं और अपनी सिल्वर कलर की कार में नशीला पदार्थ लेकर सातरोड से हिसार की तरफ आ रहे हैं। पुलिस टीम ने साउथ बाइपास पर नाकाबंदी कर सातरोड के पास गाड़ी सवार दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया। नाम पता पूछा तो गाड़ी चालक ने अपना नाम पीरावाली वासी सुरेंद्र उर्फ अति और साइड में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सुनील बताया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से 30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वह दिल्ली से एक नाइजीरियन से हेरोइन लेकर आया था। सुरेंद्र उर्फ अति की निशानदेही पर पुलिस ने नाइजीरियन हेनरी को दिल्ली के छतरपुर एरिया से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पुलिस टीम ने एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
