स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित कार्यक्रम “रूबरू” में मथुरा की सांसद एवं प्रख्यात अभिनेत्री हेमा मालिनी ने खुलकर विचार व्यक्त किए और कहा कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनें

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर। स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित कार्यक्रम “रूबरू” में मथुरा की सांसद एवं प्रख्यात अभिनेत्री हेमा मालिनी ने खुलकर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अयोध्या एवं काशी में भव्य मंदिर बन गया अब कृष्ण जन्मभूमि में भी कृष्ण का भव्य मंदिर बनना चाहिये। सांसद हेमा मालिनी ने यह बात इस सवाल के जवाब में कही कि काशी,अयोध्या के बाद क्या मथुरा की बारी है?

बीते जमाने की “ड्रीम गर्ल” ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बने यह हर आस्थावान हिन्दू का सपना था जिसे मोदीजी और योगीजी के नेतृत्व में पूरा किया गया।
यह पूछने पर की क्या आप ऐसा चाहती है कि योगी इस बार विधानसभा चुनाव मथुरा की किसी सीट से लड़ें? मुस्कुराते हुए हेमा मालिनी ने कहा यह हमारा सौभाग्य होगा अगर योगीजी मथुरा से लड़ते हैं।
बॉलीवुड में आत्महत्याओं की घटना के बारे में पूछे गए सवाल पर हेमा मालिनी ने कहा कि नये कलाकारों को समझना चाहिए कि सब हीरो या हीरोइन नहीं बन सकते, नसीब भी बड़ा रोल प्ले करता है।

स्वच्छता में इंदौर के लगातार पांचवीं बार विजेता बनने का जिक्र करते हुए हेमाजी ने कहा कि मुझे हमेशा से यह शहर बहुत प्यारा लगता है। मैं तो मथुरा की जनता को भी सफाई-स्वच्छता के मामले में इंदौर का उदाहरण देती हूं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कुशल नेतृत्व है कि इंदौर देश का स्वच्छतम शहर बना है।

कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल ने किया।स्वागत वरिष्ठ पत्रकार संजीव आचार्य और अभिषेक गावड़े ने किया। अंत में गोवर्धन लिम्बोदिया और कमल कस्तूरी ने प्रतीक चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद थे।

- Advertisement -
Exit mobile version