कोराना काल में लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। पालकों को राहत पहुंचाने के लिए कोर्ट ने स्कूल पहले की तरह संचालित नहीं होने तक स्कूल संचालकों को सिर्फ ट्यूशन फीस वसूलने के निर्देश दिए हैं, लेकिन बावजूद इसके अब भी स्कूल संचालक कोर्ट के आदेश को दरकिनार करते हुए पालकों से पूरी फीस वसूल कर रहे हैं। इंदौर में ऐसे ही एक निजी स्कूल संचालकों की फीस वसूली से पीड़ित पालकों ने आज स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर अपना रोष जाहिर किया।
दरअसल इंदौर के राजमोहल्ला क्षेत्र में स्थित वैष्णव स्कूल में अध्ययनरत स्टूडेंट के पालकों का कहना है कि सिर्फ ट्यूशन फीस वसूलने के बजाय प्रबंधन हर तरह का शुल्क पालकों से वसूल कर रहा है। पूरी फीस नहीं भरने पर बच्चों को ऑनलाइन क्लास से बाहर किया जा रहा है। यहां तक की फीस नहीं भरने पर बच्चों तक पढ़ाई के लिए लिंक भेजने की भी मनाही की गई है। पालक आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए स्कूल से कोर्ट के आदेशानुसार सिर्फ ट्यूशन फीस वसूलने की अपील प्रबंधन से कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन पालकों से मिलने को भी तैयार नहीं है। इसी बात से गुस्साए पालकों ने आज स्कूल परिसर के बाहर ही जमकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। पालक सुबह 8 बजे से ही स्कूल के बाहर बैठकर प्रबंधन से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे, लेकिन प्रबंधन ने पालको से मिलने में कोई रुचि नहीं दिखाई। वही जब मीडिया ने प्रबंधन से इस मामले में बात करने की कोशिश की तो प्रबंधन ने मीडिया से चर्चा से भी साफ इनकार कर दिया। बहरहाल पालकों ने चेतावनी दी है कि यदि स्कूल प्रबंधन उनकी सुनवाई नहीं करेगा तो पालक स्कूल के बाहर अपने प्रदर्शन को जारी रखेंगे और इस मामले में कोर्ट की शरण भी लेंगे।
