शराब के लिए रुपये नहीं दिए तो इंदौर में ठेकेदार को पीटा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

सांवेर रोड सेक्टर-एफ में रहने वाले 47 वर्षीय राजेश पुत्र परसमराम रामचंदानी ने पप्पी उर्फ राकेश ठाकुर के खिलाफ अड़ीबाजी और मारपीट का केस दर्ज कराया है।

पुलिस के मुताबिक फरियादी ने बताया कि उसकी पाइप बनाने की फैक्ट्री है। सामने रहने वाला पप्पी उर्फ राकेश ठाकुर गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे आरोपित फैक्ट्री के अंदर आया और ठेकेदार नर्गिस से शराब के लिए रुपयों की मांग करने लगा। ठेकेदार ने रुपये देने से मना किया तो आरोपित गाली-गलौज करने लगा। फैक्ट्री में जब चिल्लाने की आवाज आई तो फैक्ट्री के किशोर, पवन शर्मा और आरिफ नागौरी आए तो आरोपित ने फैक्ट्री में पड़ी राड उठाकर उन्हें भी मारा। सभी को हाथ और पैर में चोट लगी है। वहीं राजेश को भी हाथ में चोट लगी है। इसके बाद वह वहां से भाग गया। मामले में पुलिस को शिकायत की और केस दर्ज कराया। आरोपित फरार है, पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।

वहीं भंवरकुआं थाने में 62 वर्षीय कांता पत्नी महेश बागानी ने हर्षा बगानी पत्नी दीपक बगानी, नवीन बागानी और विनोद लालवानी निवासी इंद्रपुरी कालोनी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया है। आरोपितों ने फरियादी के घर में घुसकर गाली-गलौज की और फिर मारपीट कर कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही है।

Exit mobile version