मुख्यमंत्री ने वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 47 लाख किसानों के खाते में अंतरित किये एक हजार 870 करोड़ रूपये जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट सांवेर से हुये शामिल

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल के मिंटो हाल से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 47 लाख किसानों के खाते में एक हजार 870 करोड़ रूपये अंतरित किये। इसमें से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अन्तर्गत 17 लाख किसानों को 340 करोड़ रूपये एवं लगभग 30 लाख किसानों को राहत राशि की द्वितीय किश्त के रूप में 1530 करोड़ रूपये का अंतरण बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से जमा किये गये। इंदौर जिले का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम खण्डवा रोड स्थित देवी अहिल्या विश्व विद्यालय के सभागृह में हुआ। इसके साथ ही जिले में विकासखण्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किये गये।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट इस कार्यक्रम में सांवेर से शामिल हुये। सांवेर में आयोजित खण्ड स्तरीय कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री राजेश सोनकर, श्री भारत सिंह, श्री दिनेश चौधरी आदि जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंत्री श्री सिलावट ने प्रतीक रूप में किसानों को चेक की प्रति वितरित की।
इंदौर जिले में 6 हजार 934 किसानों के खाते में एक करोड़ 38 लाख रूपये मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत जमा हुये। मुख्यमंत्री जी के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण जिला स्तरीय, ब्लाक स्तरीय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में किया गया। कार्यक्रम में कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। भोपाल के कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा, राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, उच्च शिक्षा मंत्री श्री मोहन यादव, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, आदिम जाति कल्याण मंत्री सुश्री मीना सिंह तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा विशेष रूप से मौजूद थे।

Exit mobile version