भस्म आरती में धोखाधड़ी महंगी पड़ी कूटरचना कर अनुमति जारी करवाने के मामले में 6 व्यक्तियों पर धारा 420 एवं अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति श्री आशीष सिंह के निर्देश पर सत्कार शाखा के कार्यपालक सहायक अभिषेक भार्गव ने महाकालेश्वर मन्दिर में कार्यरत एसएस सुरक्षा कंपनी के 05 सुरक्षाकर्मी एवं 01 सत्कार शाखा के कर्मचारी के विरूद्ध धोखाधड़ी कर महाकाल क्षेत्र में स्थित होटल विजय पैलेस में ठहरे कुछ दश्रनार्थियों को भस्म आरती कराये जाने के प्रकरण में धारा 420 एवं अन्य धाराओं में महाकाल थाने में प्रकरण दर्ज करवाया है।। कलेक्टर ने मंदिर और प्रोटोकॉल कर्मचारियों के साथ साथ ऐसे दुष्कृत्य में लिप्त अन्य लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में ऐसा कृत्य पाए जाने पर इससे भी कड़ी सजा दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि विगत 2 अक्टूबर को महाकाल क्षेत्र स्थित होटल विजय पैलेस में ठहरे कुछ दर्शनार्थियों से महाकाल मन्दिर में दर्शन कराये जाने हेतु एसएस कंपनी के सुरक्षाकर्मी सुरेश राठौर निवासी इंदिरा नगर उज्जैन ने सत्कार शाखा के कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी मंगल तिवारी तथा सुरक्षा गार्ड संजय मालवीय, नीलम, जीलेश कश्यप, व शुभम कटारिया के साथ मिलीभगत से बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों से भस्म आरती के लिये अतिरिक्त रुपये प्राप्त कर कूटरचना करके भस्म आरती की अनुमति जारी करते हुए श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के साथ धोखाधड़ी की गई। यही नहीं इनके द्वारा मन्दिर प्रबंध समिति को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हुए मन्दिर की छवि को धुमिल किया गया। उक्त कृत्य के कारण सभी के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही हेतु महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

Exit mobile version