पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती द्वारा प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर अपनी पूर्व घोषित वचनबद्धता को दोहराते हुए 8 मार्च को उनके द्वारा किए जाने वाले प्रस्तावित आयोजन का पूर्ण समर्थन करते हुए इस प्रेरक आयोजन को लेकर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की है ।
श्री यादव ने कहा कि इस प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी को लेकर मेरे पूज्य पिताश्री स्व.सुभाष यादव जी ने सरकार का अंग रहते हुए इस मांग को प्रदेश के व्यापक हितों में सार्वजनिक किया था, उसके पश्चात आज उमा दीदी ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, बलात्कार, गैंगरेप और उसके बाद उनकी की जा रही हत्याओं का प्रमुख कारण सिर्फ और सिर्फ शराब – अन्य नशीले पदार्थों को ही मानते हुए जिम्मेवार ठहराया है जो ऐतिहासिक सच्चाई भी है ।
लिहाजा, जनहित और सच की आवाज़ उठाने वाली देश और प्रदेश की कद्दावर नेता उमा भारती जी ने जो आह्वान किया है, व्यक्तिगत तौर पर मैं उसका पूर्ण समर्थन करता हूँ, यदि उमा दीदी अपने छोटे भाई के रूप में मुझे जो भी आदेशित करेंगी मैं उसका पालन व सदैव सहयोग करने हेतु तत्पर रहूंगा ।
